भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पश्चिमी यूपी से अपने चुनावी अभियान का श्रीगणेश करने जा रहे हैं। वह दो दिन के यूपी दौरे पर आएंगे। इस यात्रा में वह मां शाकुंभरी के दर्शन करेंगे। भाजपा अध्यक्ष 21 को मेरठ में तो 22 को सहारनपुर में विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में शामिल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे की तैयारियों को लेकर प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को मेरठ में कोर टीम के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
भाजपा ने यूपी के सियासी तापमान को बढ़ाने की पूरी तैयारी कर ली है। पार्टी ने क्षेत्रवार माहौल बनाने का फैसला किया है। वहीं दूसरी ओर संघ परिवार (आरएसएस) भी भाजपा के साथ मिशन-2027 के लिए कील-कांटे दुरुस्त करने में जुट गया है। बुधवार को राजधानी लखनऊ में अवध और कानपुर क्षेत्र की समन्वय बैठक में संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष इसका स्पष्ट संदेश दे चुके हैं। अब भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन पश्चिमी यूपी को मथने आ रहे हैं। नितिन 21 सितंबर को मेरठ पहुंचेंगे। वहां पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सांसद-विधायकों के साथ बैठक करेंगे। पश्चिम के लगभग पांच हजार शक्ति केंद्र संयोजकों से संवाद करेंगे।
सहारनपुर बेल्ट पर है पार्टी की नजर
नवीन 22 सितंबर को सहारनपुर जाएंगे। मां शाकुंभरी देवी का दर्शन करेंगे। पार्टी के पूर्व सांसद-विधायकों, पूर्व पदाधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे। बुलंदशहर यूं भी पार्टी का गढ़ माना जाता है। ऐसे में नितिन नवीन के दौरे में अब सहारनपुर को जोड़ा गया है। महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को वहां कोर टीम और सभी पदाधिकारियों के साथ बैठकें कीं।
विनोद तावड़े आज और कल अयोध्या में
यूपी प्रभारी विनोद तावड़े सात दिनी प्रवास पर इन दिनों यूपी में हैं। दो दिन गोरक्ष क्षेत्र की बैठकों के बाद तावड़े अब अवध क्षेत्र के पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं संग संवाद करेंगे। वे अयोध्या में 19 व 20 सितंबर को विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में शामिल होंगे। फिर उनकी काशी क्षेत्र की बैठकें प्रयागराज में प्रस्तावित हैं।
2017 और 2022 से भी बड़ी जीत के लिए अभी से जुटें
यूपी विधानसभा चुनाव प्रभारी और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने संगठन से जुड़े विभिन्न वर्ग के साथ क्षेत्रीय कार्यालय में ताबड़तोड़ अलग-अलग बैठकें की। देर शाम तक चली बैठक में तावड़े ने पदाधिकारियों का आह्वान किया कि वह 2017 और 2022 में विधानसभा चुनाव से बड़ी जीत के लिए अभी से जुट जाएं। जीत का मंत्र देते हुए कहा कि युवाओं, महिलाओं के साथ सनातन सोच वाले परिवारों से संपर्क करें। छोटा कार्यकर्ता हो या बड़ा पदाधिकारियों रोज 3 से 4 परिवारों से संपर्क करें।
