उत्तराखंड। अभी कुछ दिन पहले हरीश रावत के पीएस चंदन जीना के घर पर ईडी की कार्रवाई हुई थी। जिससे आहत उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देने की पेशकश की थी। अब उनके द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल एक लेटर भेजे जाने की बात सामने आ रही है।
सूचना आ रही है कि हरीश रावत ने अपने इस्तीफे की पेशकश का लेटर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को भेजा है। यह भी कहा जा रहा है कि लेटर में रावत ने प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी सदस्य पद छोड़ने की बात कही है।
सोमवार को जारी किया था वीडियो
हरदा ने विगत शनिवार को अपने ओएसडी रहे चंदन सिंह जीना के खिलाफ ईडी की कार्रवाई के बाद यह पेशकश की थी। लंबे समय से दिल्ली में रह रहे हरदा ने इंटरनेट मीडिया में वीडियो जारी कर कहा था कि वह अपनी पेशकश को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मिलेंगे। मुलाकात के लिए उनसे समय मांगा गया है।
हरदा ने कहा कि उन्होंने ऐसी कोई पेशकश नहीं की, जिससे किसी को नाराज या परेशान होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर लड़ रहे हैं। उनकी वजह से इस लड़ाई में कोई व्यवधान न हो, इसलिए यह पेशकश की है।
ये था मामला
बता दें कि वर्ष 2016 में हरीश रावत के मुख्यमंत्री रहते हुए ग्राम पंचायत विकास अधिकारी भर्ती परीक्षा में अनियमितता से जुड़े मनी लांड्रिंग मामला सामने आया था।
इसके तहत ईडी ने विगत शुक्रवार को रावत के ओएसडी रहे चंदन सिंह जीना (अब वैयक्तिक सहायक) के देहरादून में तपाेवन स्थित आवास पर छापा मारा था। इसमें 32 लाख की बेहिसाबी नकदी, लगभग 200 ग्राम सोना और कीमती घड़ियां बरामद की गई थी। इसके बाद से यह प्रकरण सुर्खियों में है और इसने प्रदेश कांग्रेस में हलचल मचाई हुई है।
