देहरादून/चंपावत: सीएम धामी के जन्मदिन के मौके पर रेंजर मैदान में युवा संकल्प दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया. युवा संकल्प दिवस कार्यक्रम में लोक गायिका प्रियंका मेहर ने शानदार प्रस्तुति दी. इस दौरान युवा खासे उत्साहित दिखे. इसके बाद मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं के बीच पहुंचकर संवाद किया. उन्होंने विकसित उत्तराखंड के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका पर बात रखी. उधर, चंपावत में सीएम धामी की माताजी ने केक काटकर बेटे का जन्मदिन मनाया.
प्रियंका मेहर के गीतों ने बांधा समां, झूमते नजर आए युवा: देहरादून के रेंजर मैदान में बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित युवा संकल्प दिवस की शुरुआत ही उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के साथ हुई. कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच उत्तराखंड की लोक गायिका प्रियंका मेहर ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को संगीतमय बना दिया. प्रियंका मेहर के गीतों पर युवा जमकर झूमे और पूरा रेंजर मैदान तालियों और उत्साह से गूंजता रहा.
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के जन्मदिन को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला. सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच मंच से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं. कार्यक्रम स्थल पर मौजूद युवाओं और कार्यकर्ताओं ने भी उत्साह के साथ मुख्यमंत्री के जन्मदिन का जश्न मनाया.
प्रदर्शनी का उद्घाटन, युवाओं के बीच पहुंचे सीएम: कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पहुंचने पर भाजपा महानगर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन किया. इसके बाद वह सीधे युवाओं के बीच पहुंचे. कार्यक्रम में मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार किया. इस दौरान युवाओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पर पुष्प वर्षा कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं.
कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को शिव शक्ति स्वरूप त्रिशूल भेंट कर स्वागत और अभिनंदन किया. भाजपा महानगर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, महिला कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ युवाओं को केंद्र में रखकर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के विकास, रोजगार, कौशल विकास, स्टार्टअप, खेल और नई तकनीक जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई.
महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है.उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए युवा आयोग के गठन सहित कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं. उन्होंने कहा कि युवा शक्ति प्रदेश के भविष्य को लेकर संकल्प ले रही है.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने के लिए युवाओं, मातृशक्ति और कार्यकर्ताओं का आभार जताया. उन्होंने कहा युवाओं की आंखों में उन्हें आने वाले समय का उत्तराखंड दिखाई दे रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा वह कार्यक्रम में अपनी बात कहने नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों, आकांक्षाओं, उम्मीदों और उनके भविष्य को लेकर संवाद करने आए हैं.
युवा आयोग को लेकर सीएम ने बताई भूमिका: मुख्यमंत्री ने युवा आयोग के गठन को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया. उन्होंने कहा आयोग युवाओं के अधिकारों, कौशल विकास, नवाचार और उनकी आकांक्षाओं को नीति निर्माण से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. उन्होंने कहा युवाओं को नीति निर्माण में भागीदार बनना चाहिए. सीएम ने खेलों में उत्तराखंड के युवाओं की उपलब्धियों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि देवभूमि अब खेल भूमि के रूप में भी अपनी नई पहचान बना रही है. युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लक्ष्य हमेशा बड़ा रखना चाहिए.
मुख्यमंत्री ने सरकार की ‘युवा भविष्य निर्माण योजना’ का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया योजना के प्रथम चरण में 10 हजार युवाओं को मुफ्त कोचिंग दी जाएगी. उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए लगातार नए प्रयास कर रही है. अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया.
सीएम धामी की माता बिशना देवी ने काटा जन्मदिन का केक: चंपावत विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री एवं विधायक पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन को लेकर उत्सव का माहौल नजर आया. बनबसा में बीजेपी मंडल कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की माता बिशना देवी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर केक काटा और स्थानीय लोगों के साथ मुख्यमंत्री का जन्मदिन मनाया.
