देहरादून। राष्ट्रीय खेलों में पदक विजेताओं को नौकरी मिलने का रास्ता अब साफ हो गया है। इसके तहत खेल एवं युवा कल्याण, शिक्षा, पुलिस व परिवहन विभाग में 243 पदों का सृजन किया जा रहा है। जल्द इसका प्रस्ताव कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
उत्तराखंड में गत वर्ष हुए राष्ट्रीय खेलों के दौरान सरकार ने पदक विजेताओं काे सरकारी नौकरी देने की घोषणा की थी। राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 से अधिक पदक जीतते हुए पदक तालिका में सातवां स्थान प्राप्त किया। सरकार की घोषणा के अनुसार इन खिलाड़ियों को पदक की श्रेणी के हिसाब से अलग-अलग ग्रेड पे पर नौकरी दी जानी है। इसके लिए बीते एक वर्ष से लगातार कवायद चल रही थी।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने भी विभागीय अधिकारियों को पदक विजेता खिलाड़ियों को नौकरी देने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए थे। अब खेल विभाग ने पांच विभागों से समन्वय करते हुए इन खिलाड़ियों को नियुक्ति देने का रास्ता साफ कर दिया है।
जल्द ही यह प्रस्ताव कैबिनेट में स्वीकृति के लिए रखा जाएगा। विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा का कहना है कि खिलाड़ियों को आउट आफ टर्न नौकरी देने का प्रस्ताव तैयार कर दिया गया है।
