शिमला। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बदले की भावना के आरोपों को नकारते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। हमीरपुर चयन आयोग को भंग कर पारदर्शी व्यवस्था बनाई गई है। अब लोक सेवा आयोग की भर्तियों में लिखित परीक्षा और साक्षात्कार दोनों के अंक जोड़कर मेरिट तैयार होगी, जिससे पक्षपात खत्म होगा।
विपक्ष को चर्चा की चुनौती
20 वर्षों में पहली बार मानसून सत्र 10 दिनों का रखा गया है। मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा विधायकों से वॉकआउट के बजाय तथ्यों के साथ सदन में चर्चा करने का आह्वान किया। सरकार प्रदेश की संपदा के दुरुपयोग पर जल्द ‘व्हाइट पेपर’ लाएगी।
भ्रामक सूचनाओं पर किया आगाह
मुख्यमंत्री ने इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक और फर्जी खबरों के प्रति आगाह करते हुए सभी से केवल तथ्यों पर आधारित व जिम्मेदार रिपोर्टिंग करने की अपील की।
केंद्र के समक्ष रखेंगे अधिकार
मानसून सत्र के बाद मुख्यमंत्री दिल्ली जाकर बीबीएमबी और किशाऊ बांध से जुड़े वित्तीय मामलों को मजबूती से उठाएंगे। यदि निर्णय राज्य के पक्ष में आता है तो प्रदेश को सालाना करीब ₹1,500 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व मिलेगा।
राजीव गांधी जयंती पर दी श्रद्धांजलि
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती (सद्भावना दिवस) पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच और लोकतांत्रिक नीतियां प्रदेश सरकार के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने मतदान आयु 18 वर्ष करने और स्थानीय निकायों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने जैसे ऐतिहासिक फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज प्रदेश की पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं का प्रतिनिधित्व 54 प्रतिशत तक पहुंच चुका है।
शिक्षा में सुधार
प्रदेश में 68 राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोले जा रहे हैं, जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ पौष्टिक आहार सुनिश्चित किया जाएगा। आगामी बजट में सरकारी स्कूलों को अतिरिक्त धनराशि दी जाएगी।
प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन
राज्य सरकार की योजना के तहत किसानों से प्राकृतिक गेहूं ₹80, मक्की ₹50, अदरक ₹30 और हल्दी ₹150 प्रति किलो की दर से खरीदी जा रही है। हमीरपुर में उत्तर भारत की पहली आधुनिक टेस्टिंग लैब स्थापित की गई है।
