भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की टीम में गोरखपुर-बस्ती मंडल के शामिल किए गए तीन चेहरे तस्दीक कर रहे हैं कि पार्टी यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर हर कील कांटे दुरुस्त करने में तत्पर है। पिछले कुछ दिनों में सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा ब्राह्मणों पर डोरे डालने की कोशिशों के बाद गोरखपुर-बस्ती मंडल से दो ब्राह्मण चेहरे को कार्यकारिणी में शामिल होना चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। वहीं राज्यसभा सांसद संगीता यादव को कार्यकारिणी में जिम्मेदारी देकर भाजपा ने पिछड़ा वर्ग के साथ आधी आबादी को संदेश दिया है।
भाजपा की नई कार्यकारिणी में बस्ती जिले से पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री तो गोरखपुर से जुड़ी संगीता यादव को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। वहीं देवरिया के शिवानंद द्विवेदी को राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की नवीन कार्यकारिणी में गोरखपुर-बस्ती मंडल से दो ब्राह्मण चेहरों को तव्वजों मिलना यह दर्शा रहा है कि पार्टी अपने पारम्परिक ब्राह्मण वोटबैंक को लेकर लापरवाही करने के मूड में नहीं है। वहीं पिछड़ा वर्ग के वोट बैंक के भरोसे मिशन 2027 में बढ़त के दावा करने वाली सपा से मोर्चा लेने के लिए पार्टी ने संगीता यादव को आगे किया है।
भाजपा जातिगत लिहाज से हर वर्ग को साधने की कोशिश कर रही है। इसके पहले महराजगंज से सांसद पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देकर संदेश दे दिया था कि उसके लिए सवर्ण के साथ पिछड़ा भी बेहद अहम है। बता दें कि पिछली कार्यकारिणी में गोरखपुर-बस्ती मंडल से राज्यसभा सांसद डॉ.राधा मोहन दास अग्रवाल इकलौते चेहरे थे।
पूर्वांचल की सीटों पर शीर्ष नेतृत्व की नजर्
गोरखपुर क्षेत्र में प्रशासनिक तौर पर 10 जिले आते हैं और संगठन के लिहाज से 12 जिले। गोरक्षपुर क्षेत्र में 62 विधानसभा और 12 लोकसभा सीटें हैं । 2022 के चुनाव में भाजपा को 37 विस सीटों पर जीत मिली थी। भाजपा जानती है कि पूर्वांचल में विधानभा सीटों के आंकड़े को बढ़ाकर ही प्रदेश में जीत की हैट्रिक लगाई जा सकती है। इसी कवायद में पिछले जून में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपनी टीम घोषित की थी तो पूर्वांचल की चिंता दिखी थी। गोरखपुर क्षेत्र के अध्यक्ष विनोद राय बनाए गए थे। भूमिहार सहजानंद राय की जगह दोबारा उसी जाति के चेहरे को क्षेत्रीय अध्यक्ष का पद देना साफ संकेत था कि पंकज पूर्वांचल में जातिगत समीकरण को साधने में जुटे हैं।
हरीश- संगीता को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह से खुशी
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री, राज्यसभा सांसद संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री तथा शिवानंद द्विवेदी को सोशल मीडिया का राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने पर भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने खुशी का इजहार किया है। बधाई देने वालों में भाजपा उत्तर प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, कामेश्वर सिंह, रमेश सिंह, सांसद रवि किशन शुक्ला, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, विश्वजीतांशु सिंह ‘आशू’, संजीव राय, क्षेत्रीय महामंत्री एवं विधायक प्रदीप शुक्ला आदि शामिल रहे।
सदर सांसद रवि किशन ने दी बधाई
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में उत्तर प्रदेश के छह प्रमुख चेहरों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर सांसद रवि किशन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। सांसद रवि किशन ने कहा कि उत्तर प्रदेश के छह नेताओं को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना प्रदेश के कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है। यह निर्णय पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा, संगठनात्मक अनुभव और सक्रिय भूमिका का सम्मान है।
