चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में हरियाणा को उम्मीद से अधिक प्रतिनिधित्व मिला है। राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा में हरियाणा से जुड़े छह प्रमुख चेहरों को जगह मिली है, जबकि अभी तक राष्ट्रीय सचिव के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे ओमप्रकाश धनखड़ को भाजपा की नई टीम में जगह नहीं मिल पाई है।
हरियाणा से राज्यसभा सदस्य संजय भाटिया को नितिन नवीन की नई टीम में राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। हरियाणा भाजपा के प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. सतीश पुनिया, हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रभारी बिप्लब कुमार देब और पूर्व प्रभारी विनोद तावडे को भी नई टीम में राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है।
केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य एवं पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव के बेटे सिद्धार्थ यादव को मीडिया सह संयोजक बनाया गया है। सिद्धार्थ यादव भाजपा की नई टीम में सबसे युवा चेहरे हैं और अभी तक राष्ट्रीय प्रवक्ता का दायित्व संभाल रहे थे। हरियाणा भाजपा सोशल मीडिया के प्रमुख अरुण यादव को नई टीम में सोशल मीडिया सह संयोजक का कार्यभार सौंपा गया है।
खास बात यह है कि भाजपा की राष्ट्रीय टीम में हरियाणा की मौजूदगी केवल संख्या तक सीमित नहीं है, बल्कि संगठन के महत्वपूर्ण पदों पर राज्य से जुड़े नेताओं को जिम्मेदारी मिली है।
इन नियुक्तियों में राज्यसभा सदस्य संजय भाटिया के रूप में हरियाणा को राष्ट्रीय संगठन में ऐसा चेहरा मिला है, जिसके पास चुनावी अनुभव के साथ-साथ संगठन की लंबी पारी खेलने का अनुभव है। भाटिया की नियुक्ति को हरियाणा भाजपा के लिए विशेष महत्व इसलिए भी दिया जा रहा है क्योंकि राष्ट्रीय महामंत्री पार्टी के सबसे महत्वपूर्ण संगठनात्मक पदों में शामिल होता है।
संजय भाटिया की गिनती केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल के भरोसेमंद सहयोगियों में होती है। भाटिया की राजनीतिक पहचान केवल सांसद के तौर पर नहीं रही है। संगठन में लंबे समय तक सक्रिय रहने वाले भाटिया ने 2019 में करनाल लोकसभा सीट से ऐसी जीत दर्ज की थी, जिसने राष्ट्रीय स्तर पर सभी का ध्यान खींचा था।
उन्होंने कांग्रेस के कुलदीप शर्मा को 6 लाख 56 हजार 142 वोटों के अंतर से हराया था। 9 लाख 11 हजार 594 वोट हासिल करने वाले संजय भाटिया की यह जीत 2019 के लोकसभा चुनाव में देश की सबसे बड़ी जीत थी।
हरियाणा से जुड़े तीन पूर्व प्रभारी भी राष्ट्रीय महामंत्री
हरियाणा के लिए दूसरी महत्वपूर्ण बात यह है कि प्रदेश की राजनीति और संगठन से गहराई से जुड़े रहे तीन नेताओं को भी राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। हरियाणा भाजपा के मौजूदा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया को राजस्थान से राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है।
इसी तरह हरियाणा के पूर्व प्रभारी विनोद तावड़े को महाराष्ट्र से और पूर्व प्रभारी बिप्लब कुमार देब को त्रिपुरा से राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। यह संयोग भर नहीं है कि हरियाणा भाजपा के संगठनात्मक अनुभव से जुड़े इतने नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।
भाजपा में किसी प्रदेश के प्रभारी की भूमिका केवल औपचारिक नहीं होती। प्रभारी राज्य संगठन, चुनावी रणनीति, केंद्रीय नेतृत्व और स्थानीय नेतृत्व के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होता है। ऐसे में हरियाणा से जुड़े तीन पूर्व एवं मौजूदा प्रभारियों का राष्ट्रीय संगठन में महामंत्री बनना प्रदेश की संगठनात्मक कार्यशैली और राजनीतिक महत्व को भी रेखांकित करता है।
सुधा यादव के बेटे सिद्धार्थ यादव और अरुण यादव को मीडिया की जिम्मेदारी
राष्ट्रीय टीम में हरियाणा की हिस्सेदारी का एक और पहलू नई पीढ़ी और आधुनिक राजनीतिक संचार से जुड़ा है। भाजपा संसदीय बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य एवं पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव के बेटे सिद्धार्थ यादव को राष्ट्रीय मीडिया सह संयोजक बनाया गया है। सिद्धार्थ यादव इससे पहले राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
वहीं, हरियाणा भाजपा के सोशल मीडिया प्रमुख रह चुके अरुण यादव को राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह संयोजक बनाया गया है। राज्य में सोशल मीडिया के मोर्चे पर उनकी सक्रियता को देखते हुए यह जिम्मेदारी भाजपा के बदलते राजनीतिक संचार माडल की झलक भी देती है।
