भराड़ी (बिलासपुर)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के निहारी में वन महोत्सव का शुभारंभ करते हुए वन मित्रों के मासिक मानदेय को 10 हजार रुपये बढ़ाकर 12 हजार रुपये करने की घोषणा की।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए विद्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के बदले 17 अगस्त, 2026 को प्रदेश के सभी विद्यालयों में अवकाश की घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने सहजन का पौधा भी रोपा। वन महोत्सव के अंतर्गत प्रदेश में सात हजार हेक्टेयर भूमि पर 50 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसके उपरांत, दधोल में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भराड़ी उप-तहसील को तहसील का दर्जा देने की घोषणा की। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हटवाड़ में डॉक्टरों के दो अतिरिक्त पद सृजित करने, तड़ौन ग्राम पंचायत में पशु औषधालय खोलने तथा राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में एमबीए, एमसीए और एमटीए की कक्षाएं शुरू करने की घोषणा भी की। इसके अलावा राजकीय महाविद्यालय घंडावली में बीबीए और बीसीए की कक्षाएं शुरू की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जब ‘डबल इंजन’ की सरकार थी, तब प्रदेश के हितों और अधिकारों से समझौता किया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में भ्रष्टाचार मुक्त ‘सिंगल इंजन’ सरकार कार्य कर रही है और भ्रष्टाचार में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार से अर्जित संपत्तियों को जब्त कर गरीबों के कल्याण के लिए उपयोग किया जाएगा।
