झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को कुलाधिपति पदक प्रदान करने आईं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बेटियों का खूब हौसला बढ़ाया। कहा कि झांसी की रानी की तरह हिम्मत रखो और कोई परेशान करने आए, तो ठोक दो। अपने आप में ताकत बनो और हर चुनौती का सामना करो।
उन्होंने समाज को भी छोटे बच्चों की भूल को माफ कर दोबारा अपनाने की सीख दी। आनंदीबेन ने कहा कि प्रदेश के सबसे अधिक विश्वविद्यालयों ने नैक में सर्वोच्च ग्रेड हासिल किया और अब नैक बंद कर दिया गया। इससे विश्वविद्यालयों के मूल्यांकन में दिक्कत आएगी व ग्रांट नहीं मिल सकेगी।
उन्होंने यूजीसी व केंद्र सरकार की अन्य वित्तीय संस्थाओं से अनुदान की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में नैक की उच्च ग्रेड पाने वाले बुंदेलखंड विश्वविद्यालय समेत अन्य विश्वविद्यालयों को 780 करोड़ रुपये मिले, लेकिन एक ऐसे विश्वविद्यालय को भी 100 करोड़ का अनुदान दे दिया गया, जिसने कुछ भी हासिल नहीं किया।
