बलरामपुर। उपमुख्यमंत्री स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने जिला मेमोरियल अस्पताल का निरीक्षण किया। इमरजेंसी कक्ष में मरीजों से बातचीत की और स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल जाना। इसी दौरान निरीक्षण करते हुए वह बाथरूम की ओर पहुंचे।
धक्का देने पर बाथरूम का दरवाजा खुला तो गंदगी देखकर उपमुख्यमंत्री नाराज हो गए और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हीरा लाल से नाराजगी व्यक्त की। अस्पताल की साफ-सफाई और रखरखाव को लेकर जवाब मांगा। स्पष्ट निर्देश दिया कि मरीजों को बेहतर और स्वच्छ वातावरण मिलना चाहिए। मॉडल अस्पताल के रूप में विकसित करें।
वार्ड में बेड पर बिछी चादरों को लेकर भी उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों से सवाल किया। कहा कि यदि निरीक्षण के दौरान नई चादरें सिर्फ दिखाने के लिए बिछाई गई हैं तो यह उचित नहीं है।
उनका कहना था कि नई चादर की बजाय पुरानी चादर को अच्छी तरह धुलकर बिछाया जाता तो मरीजों के लिए अधिक आरामदायक होता। अस्पताल की हर व्यवस्था में साफ-सफाई के साथ मरीजों की सुविधा और व्यवहारिक जरूरतों का ध्यान रखें। कहा कि जिले में संयुक्त अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल जैसे बड़े चिकित्सा संस्थान मौजूद हैं।
ऐसे में इन अस्पतालों की सुविधाओं का बेहतर इस्तेमाल करते हुए अधिक से अधिक मरीजों को सरकारी चिकित्सा व्यवस्था का लाभ दिलाया जाए, जिससे मरीजों को इलाज के लिए मजबूरी में निजी अस्पतालों का रुख न करना पड़े।
निर्धारित समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंचने पर जिम्मेदारी तय की जाए। जरूरत पड़ने पर पेनाल्टी लगाएं। जो वाहन उपयोग के योग्य नहीं हैं, उन्हें स्क्रैप कर नीलाम किया जाए। बलरामपुर प्रदेश सरकार के एजेंडे में प्राथमिकता की दृष्टि से नंबर एक पर है। हर स्थिति में जिले के मरीजों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले, यह सुनिश्चित किया जाएगा। चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरने के लिए कार्रवाई करने को कहा।
साथ ही नए विभागों और नई फैकल्टी की नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। फायर सर्विस के साथ अस्पताल कर्मियों की माकड्रिल कराने को भी कहा, ताकि आपात स्थिति में कर्मचारी और मरीज सुरक्षित तरीके से बाहर निकल सकें। चिकित्सकों द्वारा पैसा मांगने की शिकायत पर कहा कि पूरी जांच कराई जाएगी, दोषी बचेगा नहीं।
रोगी कल्याण निधि का पैसा करें खर्च
सीएमएस कार्यालय में समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। रोगी कल्याण निधि का पैसा खर्च न होने पर भी उन्होंने सवाल उठाए। मरीजों की सुविधाओं के लिए उपलब्ध धन का उपयोग करने के निर्देश दिए। बरसात के बाद पूरे अस्पताल का प्रस्ताव तैयार कराकर व्यापक स्तर पर मरम्मत कराने को कहा।
उखड़े हुए प्लास्टर, खराब दरवाजे-खिड़कियों और परिसर के खराब खड़ंजे को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में पड़े पुराने सामान और कबाड़ को हटाने पर भी उन्होंने जोर दिया।मौके पर सदर विधायक पल्टूराम, जिलाध्यक्ष भाजपा रवि मिश्र मौजूद रहे।
पीडीए का अर्थ ‘परिवार डेवलपमेंट अथारिटी’
अस्पताल निरीक्षण के बाद राजनीतिक सवालों पर उप मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। कहा कि सपा अपने अंतर्द्वंद्व से गुजर रही है और अपने मूल सिद्धांतों से भटक चुकी है। समाजवाद के प्रणेता डा. राममनोहर लोहिया, जनेश्वर मिश्र, नरेंद्र देव और राजनारायण का जिक्र करते हुए कहा कि जिन सिद्धांतों को लेकर समाजवादी पार्टी का गठन हुआ था, आज पार्टी उनसे दूर हो चुकी है। कहा कि लोहिया जी कहते थे, जो परिवार से सटेगा, वो समाज से कटेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की कथनी और करनी में अंतर है। वह अब एक परिवार की प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बनकर रह गई है। तंज कसते हुए पीडीए का अर्थ ‘परिवार डेवलपमेंट अथारिटी’ बताया और आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी को प्रदेश की जनता से कोई लेना-देना नहीं है। कहा कि ब्राह्मण समाज ही नहीं, सपा का किसी भी समाज से मतलब नहीं है।
पूर्व मंत्री को दी श्रद्धांजलि
निरीक्षण से पहले उपमुख्यमंत्री पूर्व मंत्री हनुमत सिंह के आवास पहुंचे। उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। बेटे अखिलेश सिंह और भाई शिव सिंह से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। दिवंगत नेता के निधन को अपूरणीय क्षति बताया।
