चंबा। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का रविवार को चंबा दौरे के दौरान एक बेहद खास अंदाज देखने को मिला।
किसी बड़े स्टार होटल या विशेष वीआईपी व्यवस्था के बजाय, मुख्यमंत्री चंबा के स्थानीय बाजार में स्थित एक बेहद साधारण और आम नाई की दुकान (सैलून) में बाल कटवाने पहुंच गए।
जैसे ही मुख्यमंत्री एक आम ग्राहक की तरह नाई की कुर्सी पर बैठे, वहां मौजूद स्थानीय लोग और दुकान मालिक हैरान रह गए। बिना किसी तामझाम और वीआईपी प्रोटोकाल का दिखावा किए, उन्होंने बेहद सहजता से अपने बाल कटवाए।
इस दौरान उन्होंने दुकान मालिक और आसपास मौजूद स्थानीय लोगों से हंसते-मुस्कुराते हुए बातचीत भी की और उनका हाल-चाल जाना। मुख्यमंत्री का यह अंदाज लोगों के दिल को छू गया।
लोगों का कहना है कि आज के दौर में जहां छोटे से बड़े जनप्रतिनिधि भी वीआईपी ट्रीटमेंट को तरजीह देते हैं, वहीं एक प्रदेश के मुख्यमंत्री का इतना सहज और सरल होना वाकई तारीफ के काबिल है। लोगों का कहना है कि आम जनता के बीच से निकलकर इस पद तक पहुंचे सुखविंदर सिंह सुक्खू आज भी अपनी जड़ों को नहीं भूले हैं।
