चंडीगढ़। राष्ट्रमंडल खेलों में भिवानी की मुक्केबाज प्रीति पंवार ने महिला 54 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। भिवानी की ही जैस्मिन लांबोरिया ने महिला 57 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश को दूसरी स्वर्णिम सफलता दिलाई। दोनों खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भिवानी की इन बेटियों ने अपने अदम्य साहस, कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है। हरियाणा की बेटियां लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत का तिरंगा विश्व मंच पर लहरा रही हैं।
लाखों युवा खिलाड़ियों को मिलेगी प्रेरणा
प्रीति पंवार द्वारा 54 किलोग्राम भार वर्ग और जैस्मिन लांबोरिया द्वारा 57 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतना हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। इन दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि से प्रदेश के लाखों युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं, आधुनिक खेल अवसंरचना, बेहतर प्रशिक्षण तथा पारदर्शी खेल नीति उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी का परिणाम है कि प्रदेश के खिलाड़ी लगातार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि हरियाणा के खिलाड़ी आने वाले समय में भी इसी तरह देश के लिए नए कीर्तिमान स्थापित करते रहेंगे।
