गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधि चुनिए, जो आपकी पैरोकारी कर सकें। ऐसे सांसद नहीं चुनिए, जो अवैध असलहा लाइसेंस बनाने में व्यस्त हों। ऐसे जनप्रतिनिधि नहीं चाहिए जो फर्जी लाइसेंस बनाकर जनता के घरों में डकैती व अवैध कब्जा करने का दुस्साहस करें।
बिना नाम लिए तंज कसा कि यहां के सांसद से दूर रहिए। पहले यहां के माफिया को सत्ता का सरंक्षण मिलता था। हमारी सरकार ने ठाना था कि माफिया को मिट्टी में मिलाना है और मिल गया। सपा के लोग माफिया के कब्र पर फातिहा पढ़ते हैं।
अब गरीब का बेटा रामलीला का आयोजन करता है तो कोई असलहा लहराने का दुस्साहस नहीं कर सकता, क्योंकि उसे मालूम है कि मिट्टी में दफन होना पड़ेगा। जनपद को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, राजकीय मेडिकल कॉलेज व ग्रीन फील्ड हाईवे दिया है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को जल्द ही चंदौली व शक्तिनगर तक जोड़ा जाएगा।
गुरुवार को मुहम्मदाबाद के मंडी परिसर में 692 करोड़ से 268 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण के मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सपा के पापों से पर्दा उठाने लगे तो ये मुंह नहीं दिखा पाएंगे। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक इंच काम नहीं हुआ और 3000 करोड़ के वारे-न्यारे कर लिए। युवाओं की नौकरी पर चाचा-भतीजे की जोड़ी सेंधमारी करने निकल जाती थी।
पहले त्योहार पर उपद्रव, दंगे, कर्फ्यू शुरू होते थे, लेकिन अब उपद्रव नहीं, उत्सव है। उपद्रव करने और युवाओं की नौकरी में सेंधमारी पर जेल या जहन्नुम ही जगह है। सीएम ने कहा कि पूर्व विधायक कृष्णानंद राय ने माफिया के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी, लेकिन सत्ता संरक्षित माफिया ने कृष्णानंद राय सहित सात लोगों की हत्या कर दी थी। सारे सबूत होने के बावजूद माफिया को सत्ता का संरक्षण मिला। माफिया किसी के नहीं होते। समाज का खून चूसते हैं।
कहा कि सपा जन्मजात से महिला विरोधी है। कन्नौज के बाबा साहेब मेडिकल कॉलेज, लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर कॉलेज, संत रविदास जनपद का नाम बदलने का पाप किया। आह्वान किया कि विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश व विकसित गाजीपुर के सारथी बनें। नौजवान, किसान, आधी आबादी, व्यापारी विकास के लिए 10 कदम चलेंगे तो सरकार आपके साथ 100 कदम चलेगी। विकास के हर प्रस्ताव स्वीकार होंगे।
कहा कि अब यहां मेडिकल कॉलेज है। लखनऊ, काशी, गोरखपुर की यात्रा के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे व गोरखपुर-वाराणसी हाईवे भी है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को चंदौली, वाराणसी से जोड़ते हुए शक्तिनगर तक ले जाएंगे। कहा कि पीएम मोदी ने देश में केवल चार जातियां गरीब, किसान, महिलाएं व युवक बताईं है।
12 वर्ष में पीएम स्टार्टअप, पीएम स्टैंडअप, डिजिटल भारत, मिशन रोजगार के तहत लाखों नौजवानों को नौकरी मिल रही है। यूपी में नौ साल में नौ लाख से ज्यादा युवाओं को बिना सिफारिश या बिना घूस दिए नौकरी मिली है।
एशिया के सबसे बड़े गांव में रहते हैं 12 हजार से अधिक सैनिक
मैगर सिंह, शिवपूजन राय, वीर अब्दुल हमीद, रामउग्रह पांडेय समेत रणबांकुरों व साहित्यकारों कुबेरनाथ राय व भोला नाथ गहमरी को याद किया। कहा कि एशिया के सबसे बड़े गांव गहमर में 12 हजार से अधिक सैनिक और 15000 से अधिक अवकाश प्राप्त सैनिक हैं, जो सन 1962, 1965, 1971 व 1999 के कारगिल युद्ध तथा ऑपरेशन सिंदूर में बहादुरी से डटे रहे। आजाद हिंद फौज से भी यहां के युवा जुड़े।
सपा-कांग्रेस ने विदेशी आक्रांताओं को महिमा मंडित किया
सपा ने राष्ट्र नायकों के बजाय विदेशी आक्रांताओं को महिमा मंडित किया, जबकि एनडीए सरकार राष्ट्रनायकों को सम्मान देती है। सपा व कांग्रेस सालार मसूद गाजी का मेला लगवाते थे। हमारी सरकार ने बहराइच में महाराज सुहेलदेव का भव्य स्मारक व मेडिकल कॉलेज और आजमगढ़ में विवि बनवाया।
प्रधानमंत्री मोदी व तत्कालीन मंत्री मनोज कुमार सिन्हा ने सुहेलदेव सुपरफास्ट ट्रेन चलवाई और डाक टिकट जारी किया था। कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल, विधायक बेदीराम, एमएलसी विशाल सिंह चंचल, जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्य़क्ष सरोज कुशवाहा, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, पीयूष राय आदि मौजूद रहे।
