देहरादून: मुख्य सचिव (सीएस) आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में सचिव समिति की बैठक आयोजित हुई. बैठक के दौरान सीएस ने विभागाध्यक्षों को उपनलकर्मियों और विभागों के बीच तीन दिन में कॉन्ट्रैक्ट किए जाने के निर्देश दिए. इसके अलावा, विभागों को अपने कर्मचारियों के प्रमोशन एवं एसीआर से संबंधित कामों को समय से पूरा करने के साथ ही सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) को उद्यान एवं कृषि विभाग की योजनाओं में लागू करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने सचिवों को महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश भी दिए.
मुख्य सचिव ने उपनल कर्मियों और विभागों के बीच होने वाले कॉन्ट्रैक्ट के मुद्दे पर विभागों की ओर से गंभीरता से काम किए जाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि, विभागाध्यक्ष अगले 3 दिनों में अपने विभाग में काम करने वाले उपनलकर्मियों के बीच कॉन्ट्रैक्ट कराना सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि, अगर कोई विभाग उपनलकर्मियों के साथ अगले 3 दिन में कॉन्ट्रैक्ट नहीं करता है तो फिर संबंधित विभागाध्यक्ष को प्रतिकूल प्रविष्टि (Negative Remark) दी जाएगी.
इसके साथ ही, मुख्य सचिव ने विभागों को अपने कर्मचारियों के प्रमोशन और एसीआर से संबंधित कामों को भी समय से पूरा कराए जाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि, प्रमोशन को लेकर पूर्व में जारी शासनादेश का शत प्रतिशत अनुपालन किया जाए. साथ ही कहा कि, 30 जून 2027 तक प्रमोशन के पात्र कर्मचारियों के प्रमोशन की प्रक्रिया अगले एक महीने में शुरू किए जाने के निर्देश दिए. उन्होंने सभी विभागों को अपने अधीन कर्मियों की एसीआर पूरा किए जाने की बात कही. साथ ही कहा कि, एसीआर बैच क्रिएशन का काम तत्काल पूरा करते हुए, आगे की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए और निर्धारित समय सीमा के तहत एसीआर प्रक्रिया पूरी की जाए.
यही नहीं, बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कृषि विभाग के तहत लागू की गई सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) योजना को उद्यान एवं कृषि विभाग की अन्य योजनाओं में भी लागू किए जाने के निर्देश दिए. उन्होंने इसके लिए टाइमलाइन निर्धारित करते हुए लाभार्थी केंद्रित योजनाओं से संबंधित सभी विभागों में लागू किए जाने की संभावनाएं तलाशी जाने के निर्देश दिए. उन्होंने लाभार्थी केंद्रित योजनाओं से संबंधित विभागों के साथ सीबीडीसी योजना से संबंधित कार्यशाला आयोजित की जाए.
