पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि चुनाव से करीब एक साल पहले आम आदमी पार्टी ने अपनी पांचों गारंटियां पूरी कर ली हैं और पार्टी के लिए यही इस बार दोबारा जीत की गारंटी है। उन्होंने दावा किया कि साल 2022 में जिस तरह मतदाताओं ने बहुमत देकर आम आदमी पार्टी को जिताया था, उससे भी अधिक बहुमत के साथ पंजाब में आप सरकार 2027 में दोबारा आएगी।
चार साल के कार्यकाल में सब गारंटियां पूरी: चीमा
वित्त मंत्री ने इस दौरान भाजपा, शिअद और कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। अमर उजाला कार्यालय पहुंचे वित्त मंत्री चीमा ने जहां आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की तैयारियों के रोडमैप पर चर्चा की। वहीं, उन्होंने उन मुख्य मुद्दों को भी स्पष्ट किया, जिन्हें लेकर पार्टी इस बार मैदान में उतरने वाली है। चीमा ने कहा कि साल 2022 के चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शिक्षा, स्वास्थ्य, शहीदों का सम्मान, मुफ्त बिजली व मावां-धीयां (मां-बेटी) के सत्कार से जुड़ी पांच गारंटियां मतदाताओं को दी थीं, जिन्हें मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार ने चार साल के कार्यकाल में ही पूरा कर लिया है।
मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों, मजदूरों, महिलाओं, बुजुर्गों, व्यापारियों, उद्यमियों, कर्मचारियों और युवाओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और उनसे जुड़े मुद्दे लेकर ही मैदान में जाएगी। इसके अलावा सिंचाई के लिए अंतिम टेल तक पानी पहुंचाना और इससे कई डार्क जोन घोषित क्षेत्रों में भूजल स्तर का बढ़ना भी मान सरकार की बड़ी उपलब्धि में शुमार है।
वित्त मंत्री ने दावा किया कि साल 2027 में आम आदमी पार्टी का सियासी मुकाबला किसी के साथ नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पंजाब में भाजपा की सियासी जमीन मजबूत करने के लिए जोर लगा चुके हैं, लेकिन सूबे में भाजपा का कोई जनाधार नहीं है। पिछले चुनाव में भाजपा अकेले लड़ी थी और दो सीटें जीती थीं, मगर इस बार वे भी नहीं आ रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हाल सबके सामने है, वहां ‘एक अनार सौ बीमार’ वाली स्थिति है।
साल 2017 से 2022 तक पंजाबियों ने कांग्रेस का कार्यकाल देखा है, उनका एक भी वादा पूरा नहीं हो पाया। चंद व्यक्तियों की कर्जमाफी कर बड़े-बड़े बोर्ड लगा दिए गए थे, इस तरह चुनाव नहीं जीता जाता। कांग्रेस इस वक्त भारी गुटबाजी का शिकार है। उनके नेताओं के अपने निजी स्वार्थ हैं और ऐसी स्थिति में न कांग्रेस कभी एकजुट होगी और न ही जीतेगी।
चीमा ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल ने हमेशा पंथ का दुरुपयोग किया है। उनसे पूछा जाना चाहिए कि उनके कार्यकाल में बेअदबियां क्यों हुईं? इसके विरोध में प्रदर्शन कर रहे दो नौजवान उनके कार्यकाल में हुई फायरिंग में मारे गए और नशीले पदार्थों की तस्करी भी उनके समय में काफी बढ़ी। पंजाबी सब जानते हैं, इस बार शिअद एक सीट भी नहीं जीत पाएगी।
बिल लाओ, एक लाख रुपये पाओ
पंजाब सरकार ने कर चोरी रोकने और उपभोक्ताओं को बिल लेने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘मेरा बिल ऐप’ और ‘बिल लाओ, इनाम पाओ’ पोर्टल की शुरुआत की है। ‘मेरा बिल’ मोबाइल ऐप पर एक-एक लाख रुपये के स्क्रैच कूपन उपलब्ध हैं, जो पोर्टल पर बिल अपलोड करने के बाद जारी किए जाते हैं। वित्त मंत्री चीमा ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य व्यापारियों द्वारा बिना बिल के बिक्री कर की जा रही जीएसटी चोरी को रोकना और राज्य सरकार के राजस्व संग्रह में बढ़ोतरी करना है।
