अल्मोड़ा: शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान यानी डायट पहुंचे. यहां आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विशेष शिक्षा के तहत नवनियुक्त 42 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए. इस दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षकों को सिर्फ नौकरी नहीं मिली है, बल्कि प्रदेश के भविष्य को गढ़ने की बड़ी जिम्मेदारी भी उनके कंधों पर है. कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया.
अल्मोड़ा के ऐतिहासिक जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान यानी डायट में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विशेष शिक्षा के तहत चयनित 42 नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे. नियुक्ति पत्र मिलने के बाद शिक्षकों में उत्साह देखने को मिला. शिक्षा मंत्री ने कहा कि, राज्य सरकार प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है. इसी क्रम में दिव्यांग विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विशेष शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है.
डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि, अल्मोड़ा डायट में विभिन्न जीर्णोद्धार कार्यों के लिए सरकार की ओर से 13.25 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है. इसके साथ ही ऐतिहासिक डायट भवन के संरक्षण के लिए एक करोड़ रुपए का बजट भी दिया गया है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के करीब 22 हजार विद्यालयों को अपडेट करने का कार्य भी किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके.
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी जरूरी है.
वहीं, पेपर लीक के सवाल पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि, ऐसे मामलों में सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने कहा कि,
पेपर लीक जैसे मामलों पर कठोर कानून और दंड का प्रावधान किया गया है और प्रदेश में भी ऐसे प्रकरणों में सख्त कार्रवाई की गई है. सरकार की सख्ती और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का परिणाम है कि उत्तराखंड आज सरकारी नौकरी देने वाले प्रमुख राज्यों में शामिल हो चुका है.
-डॉ. धन सिंह रावत, शिक्षा मंत्री-
