रोहतक: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रोहतक में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष छात्रों के प्रदर्शन को राजनीतिक रंग देकर युवाओं को गुमराह कर रहा है, जबकि संसद में NEET और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा से बच रहा है।
सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए छात्रों का हित सर्वोपरि है और सरकार पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने पेपर लीक मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का फैसला लिया है, ताकि दोषियों को जल्द और कड़ी सजा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी से सवाल करते हुए कहा कि यदि विपक्ष के पास NEET और पेपर लीक को लेकर कोई सुझाव हैं तो संसद में चर्चा करे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन संसद का कामकाज बाधित कर रहे हैं और छात्रों के मुद्दों का राजनीतिकरण कर रहे हैं।
हरियाणा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सीएम सैनी ने कहा कि राज्य में “बिना खर्ची-बिना पर्ची” के आधार पर भर्तियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा में ‘लोक परीक्षा अनुचित साधन निवारण विधेयक, 2021’ लागू कर पेपर लीक और नकल पर कड़े दंड का प्रावधान किया गया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में राज्य में 1.83 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भर्ती घोटालों और भाई-भतीजावाद का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल की 11 भर्तियां हाईकोर्ट द्वारा रद्द की जा चुकी हैं, जिससे हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने हाल के भर्ती परीक्षा विवादों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा में ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल रैकेट पकड़ा गया और कई आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। इसके अलावा एक्साइज इंस्पेक्टर भर्ती और अन्य परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का हवाला देते हुए उन्होंने AAP सरकार की भर्ती प्रणाली पर सवाल उठाए।
