चंडीगढ़। हरियाणा में भाजपा ने मंगलवार को बूथ स्तर पर संगठन को अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में एक साथ 4,729 शक्ति केंद्रों पर टिफिन बैठकों का आयोजन किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता, संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं ने विभिन्न शक्ति केंद्रों पर कार्यकर्ताओं के साथ सहभोज कर संगठनात्मक और सामाजिक विषयों पर चर्चा की।
भाजपा ने इस अभियान के जरिए बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता का आकलन करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद भी स्थापित किया। दोपहर 12 से तीन बजे तक चली इन बैठकों की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि नेता और कार्यकर्ता अपने-अपने घरों से टिफिन लेकर पहुंचे और एक-दूसरे के साथ भोजन साझा किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने अपने टिफिन का भोजन कार्यकर्ताओं की प्लेट में परोसा, जबकि कार्यकर्ताओं ने भी अपने घर का भोजन नेताओं को खिलाया।
योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की प्राथमिकता
भाजपा ने इसे संगठन में समानता, आत्मीयता और टीम भावना को मजबूत करने वाला प्रयास बताया।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पिंजौर के शक्ति केंद्र मानकपुर में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं से कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना-2 के अनुसूचित जाति वर्ग की दो लाभार्थी महिलाओं सरोज और जयंती के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की तथा उनके साथ भोजन किया। प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने सोनीपत जिले के मुरथल शक्ति केंद्र पर बूथ संख्या 34, 35, 36 और 37 के कार्यकर्ताओं के साथ सहभोज किया।
बूथ स्तर के सक्रिय कार्यकर्ता
उन्होंने बूथ स्तर पर 11 सदस्यीय बूथ समितियों के गठन पर जोर देते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर के सक्रिय कार्यकर्ताओं से ही बनती है।
अर्चना गुप्ता ने कहा कि टिफिन बैठकों का उद्देश्य केवल संगठनात्मक बैठक करना नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के बीच आत्मीय संवाद, वैचारिक जुड़ाव और सरकार तथा जनता के बीच मजबूत सेतु तैयार करना है। भाजपा के संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा ने गन्नौर के शक्ति केंद्र में केंद्रीय नेतृत्व की ओर से निर्धारित संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की।
वहीं, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, विपुल गोयल, श्याम सिंह राणा तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी विभिन्न शक्ति केंद्रों पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर संगठन विस्तार, जनसंपर्क और आगामी कार्यक्रमों को लेकर मार्गदर्शन दिया।
