चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित हरियाणा दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी और राज्य सरकार पूरे उत्साह के साथ तैयारियों में जुटी हुई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता सहित संगठन और सरकार का पूरा तंत्र इस दौरे को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए सक्रिय है। प्रशासनिक तैयारियों के साथ-साथ भाजपा ने जनभावनाओं से जुड़ने के लिए सोशल मीडिया पर भी विशेष अभियान शुरू कर दिया है।
इसी क्रम में भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया गया हरियाणवी गीत “वेलकम टू हरियाणा” तेजी से लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। पूरी तरह हरियाणवी भाषा में तैयार इस गीत के माध्यम से प्रदेश की संस्कृति, परंपराओं, लोकजीवन और अतिथि सत्कार की भावना को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है।
हरियाणवी संस्कृति की झलक बना रही लोगों को आकर्षित
गीत के वीडियो में हरियाणा की सांस्कृतिक पहचान को बेहद प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया है। इसमें भगवान श्रीकृष्ण की भूमि के रूप में हरियाणा की पहचान, दूध-दही की समृद्ध परंपरा, ग्रामीण जीवन, हरियाणवी पहनावा, खड़ी बोली, लोक संस्कृति और खेलों में प्रदेश की गौरवशाली विरासत को स्थान दिया गया है।
वीडियो में पारंपरिक धोती-कुर्ता, सिर पर खंडवा, चौपाल की संस्कृति, देसी खान-पान, पहलवानी और कुश्ती जैसी खेल परंपराओं के साथ हरियाणा की सादगी और अपनत्व को भी उकेरा गया है।
प्रधानमंत्री के ‘राम-राम’ से होती है गीत की शुरुआत
गीत की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरियाणा के पिछले दौरे के दौरान बोले गए लोकप्रिय शब्दों से होती है—
“सब बुजुर्गां नै, भाई-बहनां नै और नौजवानां नै राम-राम।”
इसके बाद हरियाणवी अंदाज में प्रदेश की संस्कृति और स्वभाव का वर्णन करते हुए गीत आगे बढ़ता है।
गीत की प्रमुख पंक्तियां हैं—
“धोती-कुर्ता, सर पर खंडवा, चौधर और डंठोरा सै,
लांबे ठाड़े छैल मर्द बीरां का न्यारा टोरा सै।
दूध-दही का खाना, सीधा-सादा बणा,
ठाड़ी बोली, हंसी-ठिठोली, देसी गाणा-बजाणा जी,
जड़े हो या हरि का आना जी…
वेलकम टू हरियाणा… वेलकम टू हरियाणा।”
सोशल मीडिया के जरिए जनभावनाओं से जुड़ने की कोशिश
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा इस बार प्रधानमंत्री के दौरे को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि हरियाणा की सांस्कृतिक पहचान के साथ जोड़कर इसे जनभागीदारी का उत्सव बनाने का प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से स्थानीय बोली और लोक संस्कृति पर आधारित इस गीत को सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जा रहा है।
भाजपा नेताओं का मानना है कि हरियाणवी भाषा और संस्कृति से जुड़ा यह गीत प्रदेशवासियों में अपनत्व का भाव पैदा करेगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत को जन-उत्सव का स्वरूप देगा। प्रधानमंत्री के आगमन से पहले यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और भाजपा कार्यकर्ताओं में भी विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
