चंडीगढ़। स्वीडन की अग्रणी होम फर्निशिंग कंपनी आइकिया गुरुग्राम में 3500 से 4000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही यह परियोजना भारत में आइकिया के प्रमुख निवेशों में से एक होगी। इससे प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 10 हजार लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
आइकिया इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पैट्रिक एंटोनी के नेतृत्व में स्वीडन के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। इस दौरान हरियाणा और आइकिया के बीच सहयोग को और सुदृढ़ बनाने तथा भविष्य के निवेश अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई। पैट्रिक एंटोनी ने हरियाणा में आइकिया की परियोजनाओं के निर्माण कार्यों और अन्य संबंधित प्रक्रियाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन में निरंतर सहयोग के लिए सरकार का आभार जताया।
निवेश विकल्प के रूप में और अधिक सुदृढ़
मुख्यमंत्री ने हरियाणा में आइकिया के निवेश प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार प्रदेश में निवेश करने वाली कंपनियों को बेहतर अवसर प्रदान रही है। यह परियोजना भी वैश्विक कंपनियों के लिए हरियाणा को एक पसंदीदा निवेश विकल्प के रूप में और अधिक सुदृढ़ करेगी।
पैट्रिक एंटोनी ने मुख्यमंत्री को अगले वर्ष गुरुग्राम में आइकिया स्टोर के निर्माण कार्य पूरा होने के बाद उसके उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया। इस स्टोर की आधारशिला हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हालिया केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने रखी थी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर और विदेश सहयोग विभाग में मुख्यमंत्री के सलाहकार पवन कुमार चौधरी ने भी अपनी बात रखी।
