देहरादून। शहर में लगातार बढ़ रही पार्किंग समस्या के स्थायी समाधान के लिए परेड ग्राउंड के नीचे प्रस्तावित अंडरग्राउंड पार्किंग परियोजना पर काम तेज हो गया है। बुधवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में परियोजना की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को पार्किंग निर्माण के साथ परेड ग्राउंड और गांधी पार्क को जोड़कर एक विशाल खुले हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने परेड ग्राउंड अंडरग्राउंड पार्किंग की प्रस्तावित डिजाइन का प्रस्तुतीकरण दिया। मुख्य सचिव ने पार्किंग क्षमता बढ़ाने के लिए डबल बेसमेंट विकल्प पर विचार करने को कहा। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि पार्किंग में अधिक से अधिक प्रवेश और निकास द्वार बनाए जाएं, ताकि लोगों को सुगम आवागमन के साथ बेहतर सुरक्षा भी मिल सके।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि परेड ग्राउंड और गांधी पार्क को जोड़ने के दौरान किसी भी प्रकार का नया स्थायी निर्माण नहीं किया जाएगा। उन्होंने पूरे क्षेत्र को एक बड़े सार्वजनिक ग्रीन स्पेस के रूप में विकसित करने पर जोर देते हुए सभी संबंधित हितधारकों से सुझाव लेकर परियोजना को समग्र रूप में तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिवालय परिसर में प्रस्तावित अंडरग्राउंड पार्किंग की डिजाइन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पार्किंग क्षमता विकसित करने पर बल दिया। इसके अलावा राजपुर रोड पर एलिवेटेड पार्किंग की संभावनाओं का अध्ययन कर उसका डिजाइन तैयार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
समीक्षा बैठक में सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
