हांसी। चानौत गांव में भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन से टी-कनेक्शन की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन गुरुवार को अहम मोड़ पर पहुंच गया। मुख्यमंत्री से मुलाकात करने पहुंचे ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल को स्पष्ट जवाब मिला कि मौजूदा नियमों के तहत संबंधित पाइपलाइन से टी-कनेक्शन देना संभव नहीं है।
हालांकि, मुख्यमंत्री ने गांव को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का भरोसा देते हुए कहा कि सरकार इस जिम्मेदारी को पूरी तरह निभाएगी और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि हिसार दौरे के दौरान वह चानौत गांव का भी दौरा करेंगे।
करीब 40 दिन से जारी धरने का प्रतिनिधित्व कर रही 11 सदस्यीय कमेटी ने बैठक के बाद कहा कि अब धरना स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके बाद ही आंदोलन की आगामी रणनीति पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
सरकार ने रखा अलग पाइपलाइन का विकल्प
सरकार पहले भी स्पष्ट कर चुकी है कि अमृत-2 योजना के तहत बिछाई जा रही भाखड़ा पाइपलाइन से टी-कनेक्शन देना संभव नहीं है। इसके विकल्प के रूप में जल जीवन मिशन के तहत खरकड़ी हेड अथवा राजली हेड से चानौत के लिए अलग पाइपलाइन बिछाने का प्रस्ताव दिया गया है।
इस योजना में अलग बिजली लाइन, जनरेटर और अतिरिक्त 50 हार्स पावर की मोटर लगाने का भी प्रावधान रखा गया है, ताकि गांव को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
