सिरसा: शुक्रवार को सिरसा में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक का आयोजन किया गया. बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के सीएम मुख्यमंत्री नायब सैनी ने की. बैठक में कुल 15 शिकायतें सुनी गई. जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर समाधान कर दिया गया. इसके अलावा बची तीन शिकायतों के जल्द निपटारे के लिए संबंधित अधिकारियों को आदेश दिए.
सिरसा की खराब सड़कों पर सीएम ने जताई चिंता: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने विशेष रूप से सिरसा शहर और आसपास के क्षेत्रों में सड़कों की खराब स्थिति पर चिंता जताई और संबंधित विभागों को जल्द सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है.
भूपेंद्र हुड्डा पर साधा निशाना: नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर हरियाणा सरकार को कटघरे में खड़ा किया और कहा कि सूबे में बिगड़ती कानून व्यस्था को लेकर वो विशेष सत्र बुलाने की मांग करेंगे. इस पर सीएम नायब सैनी ने कहा कि “जब सत्र बुलाया जाता है, तो कांग्रेस के नेता बीच में ही सदन छोड़कर चले जाते हैं.” उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में वर्तमान समय में कानून व्यवस्था की स्थिति कांग्रेस शासनकाल की तुलना में कहीं बेहतर है.
पंजाब में बीजेपी की सरकार बनने का दावा: पंजाब की राजनीति पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आने वाले समय में पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी. उन्होंने कहा कि बीजेपी लगातार पंजाब में अपनी पकड़ मजबूत कर रही है और जनता का विश्वास पार्टी के साथ बढ़ रहा है. मुख्यमंत्री ने हाल ही में गुरु अर्जुन देव के 420 वें शहीदी दिवस को लेकर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने इस पावन अवसर को पूरे श्रद्धा भाव के साथ मनाया और गुरुओं के बलिदान को याद किया.
पंजाब के सीएम के वीडियो पर दी प्रतिक्रिया: सीएम सैनी ने कहा कि “पंजाब गुरुओं की पवित्र धरती है जहां गुरुओं ने अपने परिवार और पीढ़ियों तक को देश और धर्म के लिए कुर्बान कर दिया. हम उनके चरणों की धूल के बराबर भी नहीं हैं.” पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए नायब सिंह सैनी ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि इससे पहले अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम की भी कुछ वीडियो वायरल हो चुकी हैं, जो सार्वजनिक जीवन में गरिमा बनाए रखने की आवश्यकता को दर्शाती हैं.
