कोटा : पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंगलवार रात को कोटा दौरे पर आए हैं. वह बुधवार को राहुल गांधी के छात्र संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे. कोटा पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया. इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि देश में 80 से 90 बार पेपर लीक होना कोई नॉर्मल बात नहीं है. आर्मी व ज्यूडिशरी के भी पेपर लीक हुए हैं. केंद्र सरकार को 4 साल पहले से कह रहा हूं और आगाह कर दिया था कि कई राज्यों में पेपर आउट हो रहे हैं. यह पूरी गैंग है, जो आपस में मिलकर काम कर रही है. अब नीट का पेपर 3 बार 2024, 2025 व 2026 में लीक हो गया है. राहुल गांधी ने इस मामले को मुद्दा बना दिया है और शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांगा गया है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लोकतंत्र में विश्वास होता तो अब तक धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हो गया होता. कांग्रेस के शासन में भी कई इस्तीफे हुए हैं, जिनमें मुख्यमंत्री, रेल मंत्री, कानून मंत्री और गृह मंत्री भी शामिल हैं. लोकतंत्र में अगर आमजन में कोई मुद्दा बन गया है, जन भावना है तो सरकार उसको ध्यान में रखकर फैसला लेती है. भाजपा की केंद्र सरकार ने कसम खा रखी है, कुछ भी हो जाए किसी का इस्तीफा नहीं होगा. राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें पार्लियामेंट में भी उन्हें बोलने नहीं दिया जाता है. कई बार राहुल गांधी भी इस संबंध में बोल चुके हैं.
देश किस दिशा में जा रहा है, किस दिशा में जाएगा, यह कुछ नहीं कह सकते हैं. मीनाक्षी नटराजन के मामले पर उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को आह्वान करते हैं कि राजनीति में विचारधाराओं को समझना चाहिए. कांग्रेस की विचारधारा संविधान के अंतर्गत बनी है. प्रोग्राम, प्रिंसिपल और पॉलिसी भी देखना चाहिए. युवा खुद निर्णय ले कि वह कहां जाना चाहते हैं, लेकिन राजनीति में प्रवेश करें. अभी गंभीर हालत और चुनौती बनी हुई है, हमारे युवा पीढ़ी नहीं चेती तो आने वाले समय में देश में भुगतना पड़ेगा, इतिहास उन्हें भी माफ नहीं करेगा.
प्रदेश में पहली बार फेल सरकार : केंद्र की मोदी सरकार के 12 साल और जश्न पर गहलोत ने कहा कि यह सरकार कुछ भी कर सकती है. पंडित नेहरू पर हमला करते हैं और दिन-गिन करके उसका हिसाब-किताब लगा लिया कि हम उनसे ज्यादा आगे बढ़ गए हैं. करोड़ों रुपए विज्ञापन में खर्च कर दिए हैं, उनकी तमाम नीतियां विदेश और गृह में फेल हैं. देश व प्रदेश में तांडव हो रहा है. राजस्थान की बात करते हुए कहा कि प्रदेश की सरकार पूरी तरह से फेल है. आजादी के बाद पहली बार ऐसी सरकार आई है. हद से पार करप्शन हो गया. थानों में सुनवाई नहीं हो रही है. शिकायत करने वाले के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज किया जाता है. पैसा लेकर रेप पीड़िता को समझौते के लिए कह दिया जाता है. कोई विकास नहीं हो रहा है, हर विभाग में भुगतान बाकी है. यहां तक कि 2 करोड़ रुपए तक का भी भुगतान नहीं हो रहा है.
सर्किट हाउस में आकर मिले नीट स्टूडेंट्स : अशोक गहलोत से मिलने पांच स्टूडेंट पहुंचे थे, जिनकी आने वाले दिनों में नीट की परीक्षा है. अशोक गहलोत ने कहा कि बच्चों में काफी कॉन्फिडेंस है और यह आने की तैयारी कर रहे हैं. यह बच्चे मिलने के लिए भी आए थे और राहुल गांधी को सुनने के लिए आ भी रहे हैं, उनसे चर्चा भी करेंगे. इनमें सपना मीणा, रवीना मीणा, संजना मीणा, जीशान व अली खान हैं. गहलोत ने कहा कि कोटा में राहुल गांधी के दौरे को लेकर काफी तानाशाही भरा माहौल बनाया गया है. देश में मीडिया और साहित्यकार भी तानाशाही से अछूते नहीं रहे हैं. उनके खिलाफ भी कुछ बोलने पर मुकदमा दर्ज कर दिया जाता है.
