बिलासपुर/नयना देवी: विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी की नगर परिषद पर भाजपा ने अपना दबदबा कायम कर लिया है। मंगलवार को एसडीएम धर्मपाल की अध्यक्षता में हुए चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध जीत दर्ज कर ली है। वार्ड नंबर-1 से पार्षद दीपक शर्मा को नगर परिषद का अध्यक्ष और वार्ड नंबर-6 से पार्षद नीना शर्मा को उपाध्यक्ष चुना गया है।
कांग्रेस समर्थितपार्षदों ने चुनाव प्रक्रिया से बनाई दूरी
श्री नयनादेवी मंदिर न्यास के मातृ अंचल यात्री निवास में आयोजित इस महत्वपूर्ण चुनावी बैठक में राजनीतिक सरगर्मी साफ नजर आई। बैठक में भाजपा समर्थित 5 पार्षदों ने हिस्सा लिया, जिनमें नवनिर्वाचित अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के अलावा पार्षद अलकेंद्र भूषण, आरती और दीक्षा मौजूद रहे। वहीं, कांग्रेस समर्थित 2 पार्षद इस चुनावी प्रक्रिया से पूरी तरह नदारद रहे और उन्होंने बैठक में भाग नहीं लिया। चुनाव अधिकारी एवं एसडीएम धर्मपाल ने प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए केवल एक-एक ही नामांकन पत्र दाखिल हुआ था। सामने कोई अन्य उम्मीदवार न होने के कारण वार्ड-1 के दीपक शर्मा को अध्यक्ष और वार्ड-6 की नीना शर्मा को सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष घोषित कर दिया गया।
कांग्रेस को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास नहीं : रणधीर शर्मा
इस ताजपोशी के मौके पर श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक शर्मा और उपाध्यक्ष नीना शर्मा को हार पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। रणधीर शर्मा ने जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि भाजपा ने श्री नयना देवी नगर परिषद पर अपना परचम लहराया है, जो जनता के अटूट जनसमर्थन का प्रतीक है। कांग्रेस पार्षदों की गैर-हाजिरी पर तंज कसते हुए विधायक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास नहीं रखती है, शायद इसीलिए उनके समर्थित पार्षदों ने इस अहम बैठक से दूरी बनाए रखी। रणधीर शर्मा ने उम्मीद जताई कि नवनिर्वाचित टीम सभी पार्षदों को साथ लेकर क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएगी। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आशुतोष शर्मा और पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष मान सिंह धीमान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
