सितारगंज में मंगलवार को महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट परिसर में आयोजित तहसील दिवस के दौरान मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दिवेश शासनी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का निस्तारण गंभीरता और सक्रियता के साथ तुरंत किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान है, इसलिए सभी शिकायतों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और उन्हें सीएम जन समर्पण पोर्टल पर भी अपलोड किया जाए।
तहसील दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 86 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें प्रमाण पत्र, सड़क, बिजली, पानी, जलभराव, राशन कार्ड, आवास, सोलर लाइट और पेंशन जैसी समस्याएं शामिल रहीं। प्रशासन ने मौके पर ही 45 शिकायतों का निस्तारण कर राहत प्रदान की।
वार्ड नंबर-10 निवासी अनिरुद्ध राय ने बंद गली और सरकारी अस्पताल मार्ग से अतिक्रमण हटाने की मांग की। इस पर सीडीओ ने उपजिलाधिकारी को मौके का निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्राम तिलियापुर में कटना नदी से होने वाले भू-कटाव को रोकने के लिए पिचिंग कार्य की मांग भी रखी, जिस पर सिंचाई विभाग को निरीक्षण कर आवश्यक बाढ़ सुरक्षा कार्य करने के निर्देश दिए गए।
वार्ड नंबर-9 के निवासियों ने पीएम योजना के तहत लगाए गए सोलर पैनल की सब्सिडी दिलाने की मांग की। इस पर यूरेडा विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
नहर पार ग्रीन सिटी कॉलोनी के निवासियों ने सड़क और बिजली की सुविधा की मांग रखी, जिस पर विद्युत और लोक निर्माण विभाग को निरीक्षण कर कार्रवाई करने के निर्देश मिले।
गौरीखेड़ा में अवैध कब्जा हटाने, करघटिया में बिजली बिल सुधार, हल्दुआ में भूमि से अतिक्रमण हटाने और चोमेला बमनपुरी में सड़क की मरम्मत जैसी शिकायतें भी सामने आईं। संबंधित विभागों को जांच कर समाधान करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम प्रधान पंडरी शाजिया नाज ने गूल से अतिक्रमण हटाने की मांग की, वहीं जिला पंचायत सदस्य भास्कर संभल ने बलखेड़ा और धूमखेड़ा में सड़क एवं टाइल्स निर्माण का अनुरोध किया। वार्ड नंबर-6 में नहर सफाई की मांग पर भी सिंचाई विभाग को निर्देश दिए गए।
सीडीओ दिवेश शासनी ने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही किया जाए ताकि जनता को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जो शिकायतें मौके पर हल नहीं हो पाईं, उन्हें संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर सौंपकर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, नगर पालिका अध्यक्ष सुखदेव सिंह, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिला पंचायत सदस्य भास्कर संभल, गुरजीत सिंह, देबू मंडल, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, सीओ बीएस धौनी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केके अग्रवाल, मुख्य शिक्षाधिकारी हरेन्द्र मिश्रा, तहसीलदार हिमांशु जोशी सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
