जयपुर : राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 इस बार बुजुर्गों के बीच खासा आकर्षण का केंद्र बन गई है. योजना के तहत रिकॉर्ड संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो न केवल इसकी लोकप्रियता को दर्शाते हैं, बल्कि यह भी साबित करते हैं कि प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों में धार्मिक पर्यटन को लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है. देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष कुल 1,14,579 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनके माध्यम से 1,92,313 वरिष्ठ नागरिकों ने तीर्थ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है. खास बात यह है कि इनमें से 1,10,413 बुजुर्गों ने हवाई यात्रा के जरिए तीर्थ स्थलों के दर्शन करने की इच्छा जताई है, जो बदलती जीवनशैली और सुविधाओं की बढ़ती मांग को दर्शाता है.
सभी 41 जिलों से आए आवेदन : प्रदेश के सभी 41 जिलों से आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिससे यह स्पष्ट है कि योजना का लाभ हर क्षेत्र तक पहुंच रहा है. आवेदन के मामले में जयपुर जिला एक बार फिर सबसे आगे रहा, जहां से सर्वाधिक 13,063 आवेदन प्राप्त हुए हैं. वहीं, सबसे कम आवेदन फलौदी जिले से 559 आए हैं. इसके अलावा जोधपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर और बीकानेर जैसे जिलों से भी हजारों की संख्या में आवेदन मिले हैं.
योजना के तहत इस बार 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को वातानुकूलित ट्रेनों के जरिए देश के 15 प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी. इनमें द्वारकापुरी, सोमनाथ, मथुरा-वृंदावन, अयोध्या, वाराणसी, हरिद्वार, ऋषिकेश, कामाख्या, जगन्नाथपुरी, रामेश्वरम, वैष्णो देवी, तिरुपति, उज्जैन, ओंकारेश्वर और अन्य प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शामिल हैं. इसके साथ ही 6 हजार बुजुर्गों को हवाई यात्रा के माध्यम से नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन करवाए जाएंगे.
लॉटरी के जरिए होगा चयन : देवस्थान विभाग ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा के दौरान आवास, भोजन, स्थानीय परिवहन और चिकित्सा सुविधाएं पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है. यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर वरिष्ठ नागरिकों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. हालांकि, निर्धारित सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होने के कारण यात्रियों का चयन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया जाएगा. मंत्री कुमावत ने बताया कि जिलावार कोटे के अनुसार कंप्यूटर लॉटरी के जरिए चयन किया जाएगा, जिसमें जिला स्तरीय समिति की भूमिका महत्वपूर्ण होगी. इसके साथ ही एक प्रतीक्षा सूची भी तैयार की जाएगी, ताकि किसी चयनित यात्री के यात्रा पर नहीं जा पाने की स्थिति में अन्य पात्र व्यक्ति को अवसर मिल सके.
तीर्थ यात्रा के लिए बुजुर्गों में जबरदस्त क्रेज :-
- 1.92 लाख से ज्यादा वरिष्ठ नागरिकों ने कराया रजिस्ट्रेशन
- कुल आवेदन: 1,14,579
- कुल पंजीकरण: 1,92,313 वरिष्ठ नागरिक
- 1,10,413 बुजुर्ग हवाई यात्रा के इच्छुक
- 50,000 बुजुर्ग AC ट्रेन से यात्रा करेंगे
- 6,000 बुजुर्ग हवाई यात्रा से जाएंगे
- विकल्प के आधार पर ट्रेन/फ्लाइट सुविधा
सभी 41 जिलों से आवेदन :-
- सबसे आगे: जयपुर (13,063 आवेदन)
- सबसे कम: फलौदी (559 आवेदन)
- जोधपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर भी टॉप में
मुफ्त यात्रा में यह प्रमुख तीर्थ स्थल :-
- द्वारका, सोमनाथ, अयोध्या, वाराणसी
- हरिद्वार, ऋषिकेश, मथुरा-वृंदावन
- वैष्णो देवी, तिरुपति, रामेश्वरम
- पशुपतिनाथ (नेपाल) भी शामिल
पारदर्शी होगी चयन प्रक्रिया :-
- कंप्यूटर लॉटरी से चयन
- जिलावार कोटा लागू
- वेटिंग लिस्ट भी तैयार होगी
- यात्रा पूरी तरह नि: शुल्क
- फ्री आवास, भोजन, ट्रांसपोर्ट
- चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध
