शिमला। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबंध 158 स्कूलों में सरकार ने अंग्रेजी शिक्षकों की नियुक्ति कर दी है। 305 शिक्षकों को स्कूलों में 30 हजार फिक्स वेतन पर इन्हें नियुक्त किया गया है। कुल 400 शिक्षक इस श्रेणी के नियुक्त होने हैं, बाकि 95 शिक्षक आरक्षित वर्ग से आएंगे।
राज्य चयन आयोग की सिफारिश और प्रदेश सरकार की मंजूरी के बाद चयनित अभ्यर्थियों को सीबीएसई से संबद्ध अथवा संबद्धता के लिए अधिसूचित सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में नियुक्त किया गया है।
शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार इन शिक्षकों की नियुक्ति स्कीम फॉर सीबीएसई एफिलिएटेड स्कूल्स ऑफ एक्सीलेंस इन हिमाचल प्रदेश के तहत बनाई गई विशेष उप-योजना के तहत की गई है। नियुक्तियां पूरी तरह अस्थायी आधार पर पांच वर्ष की अवधि के लिए होंगी। चयनित शिक्षकों को 30 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा, जो शैक्षणिक सत्र के 10 महीनों के लिए देय होगा।
ज्वाइनिंग नहीं करने पर नियुक्ति रद्द मानी जाएगी
इन शिक्षकों की नियुक्ति किसी स्वीकृत नियमित पद के विरुद्ध नहीं की गई है। इसलिए उन्हें सरकारी कर्मचारी नहीं माना जाएगा और न ही नियमित कर्मचारियों को मिलने वाले सेवा लाभ, वेतनमान, पेंशन अथवा अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उनकी सेवाएं केवल संबंधित उप-योजना और अनुबंध की शर्तों के अनुसार संचालित होंगी।
शिक्षा निदेशालय ने चयनित अभ्यर्थियों को आदेश जारी होने के पांच कार्य दिवसों के भीतर संबंधित विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित अवधि में ज्वाइनिंग नहीं करने पर नियुक्ति रद्द मानी जाएगी।
ज्वाइनिंग के समय अभ्यर्थियों को मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, स्व-घोषणा पत्र तथा निर्धारित प्रारूप में अनुबंध एवं बॉन्ड जमा करना होगा। निदेशालय ने विद्यालय प्रधानाचार्यों को चयनित उम्मीदवारों के मूल प्रमाणपत्रों और दस्तावेजों का पुनः सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। किसी भी प्रकार की त्रुटि, तथ्य छिपाने या गलत जानकारी मिलने पर नियुक्ति रद्द की जा सकती है।
