बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों और आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने शनिवार को जोरदार हल्ला बोल प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ ठेला मार्च निकाला। इस प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक जोगिंदर पाल ने की, जिन्होंने स्वयं ठेले पर बैठकर बाजारों में लोगों के बीच पहुंचकर केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करवाया। ठेला मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने कहा कि आज महंगाई ने आम आदमी की रसोई का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाद्य पदार्थों और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने गरीब, मजदूर, किसान, व्यापारी और मध्यम वर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है। पूर्व विधायक जोगिंदर पाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश की जनता को महंगाई के दलदल में धकेल दिया है। चुनावों के दौरान जनता को अच्छे दिनों के सपने दिखाए गए थे, लेकिन आज हालात ऐसे हैं कि आम आदमी के लिए अपने परिवार का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है। पेट्रोल और डीजल की बढ़ी कीमतों का असर हर वस्तु पर पड़ता है, जिससे बाजार में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। देश और प्रदेश की जनता अब भाजपा की जनविरोधी नीतियों को समझ चुकी है। लोग बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक संकट से परेशान हैं। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी और लोगों के हकों के लिए हर लड़ाई लड़ेगी। इस मौके पर सोहनलाल, संदीप काका राम सिंह पिंका, नानी ठाकुर, सेठी पहलवान, डॉ. सोहन लाल सोनी, काली ठाकुर, बलविंदर सिंह ढिल्लों, मिक्की ठाकुर, जोगिंदर सिंह, बहादुर सिंह, मदन गोपाल, राजेश तलूर, राजा कटारूचक आदि समूह कांग्रेसी वर्कर उपस्थित थे।
