चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसी भी समाज की असली पहचान उसकी आर्थिक प्रगति से नहीं, बल्कि कमजोर, असहाय और जरूरतमंद लोगों के प्रति उसकी संवेदनशीलता से होती है। उन्होंने कहा कि जो समाज अपने अंतिम व्यक्ति की चिंता करता है, वही वास्तव में विकसित और मानवीय समाज कहलाता है।
पंजाब के लुधियाना स्थित ज्ञान स्थल मंदिर में आयोजित 346वें मासिक विधवा राशन एवं सहायता वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सामाजिक संस्थाओं की भूमिका की सराहना की और कहा कि राष्ट्रसेवा तथा अंत्योदय की भावना को आगे बढ़ाने में ऐसे संगठनों का योगदान अमूल्य है। इस अवसर पर उन्होंने ज्ञान स्थल मंदिर सेवा सोसाइटी को 11 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने अमर शहीद लाला जगत नारायण को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और मानव सेवा के लिए समर्पित किया। देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान आज भी समाज को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि लाला जगत नारायण की सेवा और समर्पण की विरासत को ज्ञान स्थल मंदिर सेवा सोसाइटी तथा लाला जगत नारायण निष्काम सेवा समिति निरंतर आगे बढ़ा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1997 में स्वर्गीय जगदीश बजाज द्वारा शुरू किया गया यह अभियान आज जनसेवा का एक बड़ा आंदोलन बन चुका है। लगातार 346 महीनों तक विधवा माताओं और बहनों तक सहायता पहुंचाना अपने आप में एक असाधारण उपलब्धि है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के आतंकवाद प्रभावित परिवारों के लिए रवाना किए गए 64वें राहत सामग्री ट्रक की भी विशेष सराहना की।
उन्होंने बताया कि संस्था अब तक 1 लाख 65 हजार से अधिक जरूरतमंद विधवा परिवारों तक राशन पहुंचा चुकी है। इसके अलावा 385 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल, 1 लाख 15 हजार से अधिक महिलाओं को सिलाई मशीनें और 25 हजार से अधिक बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया गया है। कोविड-19 महामारी के दौरान भी संस्था के स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर जरूरतमंदों की सहायता सुनिश्चित की।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार भी महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। प्रदेश में विधवा महिलाओं को 3,200 रुपये मासिक पेंशन दी जा रही है, जबकि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना और हर घर-हर गृहिणी योजना जैसी पहलें महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि लुधियाना में चल रहा यह सेवा अभियान अंत्योदय के संकल्प को साकार करने का प्रेरणादायी उदाहरण है, जो मानवता, सेवा और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत कर रहा है।
समारोह में पंजाब केसरी के मुख्य संपादक पद्मश्री विजय चोपड़ा, पद्मश्री रजनी बैक्टर, ज्ञान स्थल मंदिर सेवा सोसाइटी के पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
