अजमेर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों को साझा करते हुए डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने कहा कि मोदी जो कहते हैं, उसे वे करके ही दिखाते हैं. केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं से समाज में अंतिम पंक्ति तक बैठे व्यक्ति तक पहुंचने का काम किया है. डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने अजमेर में प्रेस वार्ता की. बाद में उन्होंने चित्र प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया.
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और उनकी सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं. उन्होंने मोदी सरकार की 12 वर्ष की उपलब्धियों को साझा किया. बातचीत में उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने अपने ऐतिहासिक निर्णयों से देश की दिशा और दशा को बदलने का काम किया है. पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की तीसरी आर्थिक महाशक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा है.
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने जन कल्याणकारी नीति से देश में करोड़ों गरीब लोगों के जीवन को बदलकर उन्हें सम्मान दिया है. महिलाओं, किसानों और युवाओं को भी सशक्त किया है. डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने कहा कि मोदी जनता से जो भी वादा करते हैं उसे गारंटी के साथ पूरा करते हैं. वे विश्व में जहां भी जाते हैं, देश का मान बढ़ाते हैं.
‘भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं’: डिप्टी सीएम ने कहा कि मोदी ने देश में निवेश का माहौल बनाया. अकाउंटबिलिटी, इंटीग्रिटी और डिलीवरी का भी उन्होंने उदाहरण पेश किया है. साथ ही कई कानून में बदलाव भी किए. ईज ऑफ लिविंग, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को भी बढ़ावा दिया गया. उन्होंने दावा किया कि 12 वर्ष के मोदी सरकार के कार्यकाल में कभी भी भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं है. केंद्र में मोदी सरकार साफ छवि के साथ काम कर रही है.
‘सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को भी संजोया’: दीया कुमारी ने कहा कि पीएम मोदी ने देश की सुरक्षा को मजबूत किया है. वहीं भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को भी संजोया है. अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन महाकाल कॉरिडोर, सोमनाथ समेत देश के कई धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों को विकसित किया है. इनके विकास से धार्मिक पर्यटन भी काफी बढ़ा है.
उन्होंने कहा कि अमृत काल में भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प पूरा होगा. राजकीय संग्रहालय में चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद उन्होंने साइंस पार्क का भी अवलोकन किया. साथ ही यहां पौधारोपण करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया. इस दौरान देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना, भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी मौजूद रहे.
