चंडीगढ़। हरियाणा में गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को प्रदेश सरकार तीर्थ स्थानों की निश्शुल्क यात्रा कराती है। इसी कड़ी में अब सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराएं जाएंगे, ताकि गरीब परिवारों के बुजुर्गों का तीर्थ स्थलों के दर्शन करने का सपना साकार हो सके।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आठ जून को कुरुक्षेत्र रेलवे जंक्शन से सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के लिए स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इच्छुक श्रद्धालु छह जून तक सरल पोर्टल पर यात्रा के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह यात्रा पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध होगी।
स्पेशल ट्रेन कुरुक्षेत्र से चलकर करनाल, पानीपत, सोनीपत और दिल्ली होते हुए श्री सोमनाथ ज्योर्तिलिंग तक जाएगी। पंजीकरण के समय यात्रा के लिए अपना अधिकृत और योग्य चिकित्सक द्वारा प्रमाणित मेडिकल प्रमाण पत्र अवश्य लगाएं।
तीर्थ यात्रियों के रहने, खाने और स्थानीय परिवहन की व्यवस्था सरकार द्वारा की जाएगी। श्रद्धालुओं को पंजीकरण कराने उपरांत ही स्पेशल ट्रेन में बैठने की अनुमति दी जाएगी। जिला स्तर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा श्रद्धालुओं को आइडी कार्ड दिए जाएंगे।
आवेदक का हरियाणा का स्थाई निवासी और परिवार पहचान पत्र होना अनिवार्य है। वैध फोटो पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड या अन्य सरकारी आइडी), शारीरिक रूप से यात्रा के लिए फिट होने तथा पिछले तीन वर्षों में तीर्थ योजना का लाभ न लेने की स्वयं घोषणा पत्र शामिल है।
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 60 वर्ष से अधिक और 1.80 लाख तक वार्षिक आय होनी चाहिए। वरिष्ठ नागरिक अपने जीवनसाथी भी को मुफ्त साथ ले जा सकते हैं।
