टाहलीवाल: हरोली विधानसभा क्षेत्र में उपमुख्यमंत्री की गृह ग्राम पंचायत गोंदपुर जयचंद में भाजपा समर्थित प्रधान और उप प्रधान प्रत्याशी की जीत ने बड़ा उल्ट फेर कर दिया है। पंचायत चुनाव में यह मुकाबला बेहद दिलचस्प और चर्चाओं से भरपूर रहा।
इसके साथ ही प्रदेश के उप मुख्यमंत्री के चचेरे भाई अनूप अग्निहोत्री को भाजपा समर्थित उम्मीदवार लखवीर सिंह लक्खी ने कड़े मुकाबले में पराजित कर पंचायत की राजनीति में बड़ा संदेश दे दिया है। दूसरी ओर उप प्रधान प्रवीन ने भी इस जीत में रहती कसर पूरी की है।
फिलहाल प्रधान पद पर भाजपा समर्थित लखबीर सिंह लक्खी की इस जीत को क्षेत्र में बड़ी राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है। चुनाव परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया। इसे जनता के विश्वास और भाजपा की मजबूत पकड़ का प्रतीक बताया।
गौरतलब है कि गोंदपुर जयचंद पंचायत को उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का प्रभाव क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में उनके करीबी रिश्तेदार अनूप अग्निहोत्री की हार ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस चुनाव में मतदाताओं ने रिश्तों और राजनीतिक प्रभाव से उपर उठकर विकास तथा जनसंपर्क को प्राथमिकता दी। विजयी उम्मीदवार लखवीर सिंह लक्खी ने जीत के बाद पंचायत वासियों का आभार व्यक्त किया है।
पूरे क्षेत्र के विकास, पारदर्शिता और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए ईमानदारी से कार्य करने की बात भी कही है। वहीं उपप्रधान पद पर भाजपा समर्थित प्रवीन कुमार की जीत ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह और बढ़ा दिया है।
इस चुनाव परिणाम के बाद गोंदपुर जयचंद पंचायत प्रदेश की राजनीति में चर्चा का केंद्र बन गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह परिणाम आने वाले समय में क्षेत्रीय राजनीति पर व्यापक प्रभाव डाल सकता है।
