चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर के बड़े भाई राकेश खुल्लर का सोमवार रात को देहावसान हो गया। मंगलवार दोपहर बाद चंडीगढ़ के सेक्टर 25 स्थित श्मशान घाट में राकेश खुल्लर का अंतिम संस्कार किया गया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और उनकी कैबिनेट के कई मंत्रियों तथा राज्य सरकार के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने अंतिम संस्कार में शामिल होकर राकेश खुल्लर को अंतिम विदाई दी और राजेश खुल्लर को ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के अतिरिक्त इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला, ऊर्जा मंत्री अनिल विज, शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, समाज कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, सहकारिता मंत्री डा. अरविंद शर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी और विधानसभा के डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिढ़ा समेत कई विधायकों ने राकेश खुल्लर के अंतिम संस्कार में शामिल होकर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, डीजीपी अजय सिंघल और गृह सचिव सुधीर राजपाल समेत कई आइएएस अधिकारी राजेश खुल्लर के शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
दूसरी तरफ, हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने विधानसभा सचिवालय में कार्यरत चौंकीदार रविंद्र कुमार (50) के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। रविंद्र कुमार का सोमवार शाम पंचकूला के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। वह पिछले कुछ समय से किडनी संबंधी बीमारी के कारण उपचाराधीन थे।
