हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पलटवार किया है। विज ने कहा कि आजकल राजनीति में बिना सोचे-समझे इस्तीफा मांगना एक सामान्य बात हो गई है। किसी का भी इस्तीफा मांग लेना बहुत आसान है, लेकिन असली चुनौती काम करके दिखाने की होती है।
अंबाला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विज ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का बचाव किया और उन्हें केंद्र सरकार के सबसे सक्षम मंत्रियों में से एक बताया। उन्होंने साफ किया कि पेपर लीक मामला सामने आते ही सरकार ने तुरंत सख्त कदम उठाए। जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं और दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है। इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।विज्ञापन
पंजाब के सीएम भगवंत मान द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर उठाए गए सवालों पर भी विज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री को इन यात्राओं का महत्व समझ नहीं आता। प्रधानमंत्री की यात्राओं से भारत के वैश्विक संबंध मजबूत हुए हैं और व्यापार बढ़ा है। विज ने यह भी भरोसा जताया कि कोरोना संकट और वर्तमान वैश्विक आपदाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में देश पूरी तरह सुरक्षित हाथों में है।
