शिमला। हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगम धर्मशाला, पालमपुर, मंडी और सोलन सहित 51 शहरी निकायों 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतों के लिए मतदान हुआ। शाम पांच बजे के बाद मतगणना शुरू हो गई।
ऊना के हरोली में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री के गृह विधानसभा क्षेत्र की नगर पंचायत टाहलीवाल में भाजपा ने जीत दर्ज की है। टाहलीवाल में 5 भाजपा समर्थित और दो सीटों पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी विजेता रहे।
जिला सोलन में नगर परिषद परवाणू के नौ वार्डों में से आठ के परिणाम घोषित हो गए हैं। यहां 4 भाजपा व 4 कांग्रेस प्रत्याशी जीते हैं। अंतिम वार्ड में मुकाबला टाई हो गया है।
नाहन में भाजपा की हैट्रिक
सिरमौर जिले की नाहन नगर परिषद में भाजपा ने जीत की हैट्रिक लगाई है। 13 वार्डों में से सात वार्ड में भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीते हैं।
करसोग में कांग्रेस
नगर पंचायत करसोग में कांग्रेस पांच और एक सीट पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है।
ठियोग में भाजपा व कांग्रेस 3-3
जिला शिमला के नगर परिषद ठियोग में तीन भाजपा व तीन ही कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी विजेता रहे हैं। एक निर्दलीय जीता है।
रामपुर में बराबरी पर मुकाबला
जिला शिमला के रामपुर में भी मुकाबला बराबरी पर रहा है। चार कांग्रेस, चार भाजपा और एक निर्दलीय ने बाजी मारी है।
कोटखाई में भाजपा जीती
नगर पंचायत कोटखाई में भाजपा समर्थित विजेता 05 और कांग्रेस समर्थित विजेता दो प्रत्याशी विजेता रहे हैं।
चिड़गांव में कांग्रेस आगे
नगर पंचायत चिड़गांव में कांग्रेस समर्थित चार और भाजपा समर्थित विजेता एक व दो निर्दलीय प्रत्याशी जीते हैं।
देहरा में भाजपा को झटका
देहरा नगर परिषद में लगातार अध्यक्ष पद पर कब्जा करती आ रही भाजपा इस बार सिर्फ दो ही सीटों पर जीत दर्ज कर पाई है। इसमें वार्ड नंबर दो से मलकीयत सिंह परमार और छह से पारस चौहान शामिल हैं। लगातार तीन बार नगर परिषद अध्यक्ष बनती आ रही सुनीता कुमारी इस बार 44 मतों से पराजित हो गईं।
मंडी के नेरचौक में कांग्रेस जीती
जिला मंडी की नेरचौक नगर परिषद में कांग्रेस ने बहुमत हासिल कर लिया है। यहां 7 कांग्रेस एक भाजपा व एक निर्दलीय प्रत्याशी जीता है।
ज्वालामुखी में कांग्रेस को बहुमत
जिला कांगड़ा के नगर परिषद ज्वालामुखी में कुल 9 वार्ड में से कांग्रेस ने 7 में जीत हासिल की है। भाजपा को केवल दो वार्ड में ही सफलता मिल पाई है।
जोगेंद्रनगर में भगवा
जिला मंडी की जोगेंद्रनगर नगर परिषद में चार भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीते हैं, जबकि तीन निर्दलीय हैं। एक नंबर से प्यार चंद वालिया आजाद, तीन नंबर से अनीता देवी आजाद और छह नंबर से गुरध्यान आजाद हैं। दो नंबर वार्ड से संतोष शर्मा भाजपा, चार नंबर वार्ड से शिखा भाजपा, पांच नंबर से चंद्र रेखा भाजपा और सात नंबर से रीतू भाजपा समर्थित प्रत्याशी विजेता हैं।
सरकाघाट में भाजपा की जीत
जिला मंडी की सरकाघाट नगर परिषद में भाजपा ने बाजी मारी। भाजपा के चार और कांग्रेस समर्थित तीन पार्षद जीते। भाजपा का अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनना तय है।
मनाली में भाजपा का क्लीन स्वीप
नगर परिषद मनाली की सभी सातों सीटों पर भाजपा ने कब्जा किया। यह पहली बार हुआ है कि सभी सात की सात सीटें भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीती हैं।
अम्ब में टॉस से कांग्रेस जीती
ऊना की नगर पंचायत अम्ब में पांच कांग्रेस और चार भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीते हैं। वार्ड-दो में टॉस से कांग्रेस समर्थित अनुसुया विजयी रहीं। पहले भाजपा व कांग्रेस दोनों 4-4 की बराबरी पर थे।
सुजानपुर में निर्दलीयों के हाथ सत्ता की चाबी
जिला हमीरपुर की नगर परिषद सुजानपुर में चार आजाद, 2 कांग्रेस और 3 भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत हुई है।
नूरपुर में कांग्रेस को बढ़त
जिला कांगड़ा की नूरपुर नगर परिषद में कांग्रेस को बहुमत मिला है। यहां 6 कांग्रेस व 3 भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीते हैं।
राजगढ़ में कांग्रेस की जीत
सिरमौर जिले की राजगढ़ नगर पंचायत पर कांग्रेस का कब्जा 7 वार्ड में से 5 में जीत दर्ज की।
नगर पंचायत भोटा में चार निर्दलीय उम्मीदवार जीते
हमीरपुर की नगर पंचायत भोटा में निर्दलीय उम्मीदवारों ने चार वार्डों में जीत दर्ज कर बढ़त बनाई, जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने तीन वार्डों में सफलता हासिल की।
72 प्रतिशत मतदान
मतदान प्रक्रिया तीन बजे के बाद भी जारी रही। प्रदेश में कुल 72 प्रतिशत के करीब मतदान हुआ है। इन निकायों में 439 पदों के लिए 1147 प्रत्याशी मैदान में हैं। 560 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हुई।
जिला ऊना के शहरी निकायों में 77 प्रतिशत मतदान हुआ है, गगरेट नगर पंचायत में 76.64 प्रतिशत वोटिंग हुई।
एक बजे तक 44.3 प्रतिशत वोटिंग
हिमाचल प्रदेश में एक बजे तक कुल 44.3 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सबसे अधिक मतदान ऊना में 62.6, सोलन जिले में 61 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि शिमला में 60.3 प्रतिशत दूसरी ओर सिरमौर में केवल 18 प्रतिशत मतदान दर्ज होने से राजनीतिक दलों की चिंता बढ़ गई है।
नगर निगम क्षेत्रों में अपेक्षाकृत बेहतर मतदान देखा गया, जबकि कुछ नगर पंचायतों में मतदान प्रतिशत उम्मीद से कम रहा।
जिला वार मतदान की स्थिति
- जिला , मतदान प्रतिशत
- बिलासपुर 57.3
- चंबा 34.5
- हमीरपुर 54.
- कांगड़ा 33.9
- मंडी 37.6
- शिमला 60.3
- सिरमौर 18.0
- सोलन 61.0
- ऊना 62.6
एक बजे तक नेरवा में सबसे ज्यादा वोटिंग
दोपहर 1 बजे तक जिला शिमला की नगर पंचायत नेरवा में 83 प्रतिशत मतदान हुआ है। यह दोपहर एक बजे तक सबसे ज्यादा आंकड़ा दर्ज किया गया है। जिला मंडी के नगर परिषद जोगिंद्रनगर में 1 बजे तक 57.66 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।
11 बजे तक 35 प्रतिशत ने किया मतदान
प्रदेश के शहरी निकायों में सुबह 11 बजे तक चार घंटों में करीब 35 प्रतिशत मतदान हुआ है। चारों नगर निगम में करीब 28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। नगर परिषद व नगर पंचायतों में जोश हाई दिख रहा है।
मंडी जिला में 11 बजे तक 33.59 प्रतिशत मतदान दर्ज
जिला मंडी में सुबह 11 बजे तक कुल 33.59 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। नगर निगम मंडी में 31.91 प्रतिशत, सुंदरनगर में 31.81 प्रतिशत, जोगिन्द्रनगर में 37.27 प्रतिशत, नेरचौक में 39.09 प्रतिशत, सरकाघाट में 35.96 प्रतिशत, रिवालसर में 42.15 प्रतिशत तथा करसोग में 40.84 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। मतदान प्रक्रिया दोपहर 3 बजे तक जारी रहेगी।
कुल्लू में 11 बजे तक बंजार में सबसे ज्यादा मतदान
जिला कुल्लू की नगर पंचायत बंजार में 11 बजे तक सबसे अधिक 43.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि नगर पंचायत निरमंड 42.62 प्रतिशत मतदान के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वहीं नगर परिषद कुल्लू में 30.85 प्रतिशत, नगर परिषद मनाली में 29.96 प्रतिशत तथा नगर पंचायत भुंतर में 31.17 प्रतिशत मतदान हुआ।
सोलन के कंडाघाट में 47 प्रतिशत मतदान
जिला सोलन में 11 बजे तक कुल 31.45 प्रतिशत मतदान हो चुका है। नगर निगम सोलन में 11 बजे तक 27.62 प्रतिशत मतदान हो चुका है। नगर परिषद नालागढ़ में दो घंटों में 37.66 प्रतिशत मतदान, नगर परिषद परवाणू में 39.51 प्रतिशत मतदान, नगर पंचायत कंडाघाट में 47.87 प्रतिशत मतदान जबकि नगर पंचायत अर्की में भी 40.99 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
सुबह 9 बजे तक 15 प्रतिशत मतदान
शहरी निकायों में हो रहे मतदान को लेकर सुबह 7:00 बजे से मतदान शुरू हुआ और 9:00 तक 15 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। कई स्थानों पर सुबह से ही मतदान करने के लिए कतारें लग गई थी। युवाओं के साथ-साथ हर वर्ग में जोश देखने को मिल रहा है।
नगर निगम चुनाव नतीजे 31 को
नगर निगम चुनाव पार्टी चिह्न पर हो रहे हैं, जबकि नगर परिषद और नगर पंचायतों में चुनाव पार्टी चुनाव चिह्न पर नहीं हो रहे हैं। प्रदेश में शहरी निकाय के इन चुनाव में करीब 3.80 लाख मतदाता दर्ज हैं।
कुल 449 पदों में से 10 पर निर्विरोध चयन हो चुका है। ऐसे में मतदान 439 पदों के लिए होगा। चारों नगर निगमों के चुनाव को लेकर मतगणना 31 मई को होगी, जबकि बाकी 47 शहरी निकायों के लिए रविवार को मतदान के बाद हो गई।
सत्ता का सेमीफाइनल
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले पार्टी चुनाव चिह्न पर हो रहे चार नगर निगम के चुनाव को सत्ता का सेमीफाइनल माना जा रहा है। इसी वजह से कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों ने चारों नगर निगम जहां पर पार्टी चुनाव चिह्न पर चुनाव हो रहा है प्रचार में पूरी ताकत झोंकी है।
कांगड़ा में सबसे अधिक पार्षदों का चयन
प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव को लेकर सबसे अधिक 80 पार्षद कांगड़ा जिले में चुने जाएंगे। इसके अलावा मंडी में 65, शिमला में 58, सोलन में 49, ऊना में 48, कुल्लू में 39, बिलासपुर में 34, सिरमौर में 33, चंबा में 27 तथा हमीरपुर में 16 पार्षदों का चुनाव होना है। इनमें चार नगर निगमों में 64, नगर परिषदों में 228 तथा नगर पंचायतों में 147 पार्षद चुने जाएंगे।
10 पार्षद निर्विरोध निर्वाचित
नगर परिषद ज्वालामुखी – वार्ड नंबर 2
नगर पंचायत करसोग – वार्ड नंबर 1 और 3
नगर पंचायत बंजार – वार्ड नंबर 6
नगर पंचायत रिवालसर – वार्ड नंबर 1
नगर पंचायत नेरवा – वार्ड नंबर 2, 3, 4 व 6
नगर पंचायत चिड़गांव – वार्ड नंबर 2
