सोनीपत। भाजपा युवा मोर्चा की ओर से सोनीपत नगर निगम चुनावों में मेयर प्रत्याशी राजीव जैन व 22 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में बाइक रैली का भव्य आयोजन किया गया। बाइक रैली में हाथों में भाजपा का भगवा ध्वज लेकर शामिल हुए युवाओं का भरपूर जोश और उत्साह देखने को मिला। मेयर प्रत्याशी राजीव जैन व 22 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ उत्साहपूर्वक इस रैली में हिस्सा लिया और जनता से भाजपा के पक्ष में वोट देने की अपील की। इस बाइक रैली में भारी जनसमूह उमड़ा। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हजारों की संख्या में स्थानीय लोगों ने भी बाइक रैली शामिल होकर यह दर्शा दिया कि सोनीपत नगर निगम चुनाव में भाजपा की रिकॉर्डतोड़ व ऐतिहासिक जीत होगी। जगह-जगह पर मेयर प्रत्याशी राजीव जैन व पार्षद प्रत्याशियों पर फूलों की वर्षा कर स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। सभी धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों ने भी इस दौरान विभिन्न जगहों पर मेयर प्रत्याशी राजीव जैन व पार्षद प्रत्याशियों का फूल मालाओं से स्वागत कर उन्हें ऐतिहासिक जीत दिलाने का भरोसा दिलाया। पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन, विधायक देवेंद्र कादियान, विधायक निखिल मदान, ललित बत्रा, बिजेंद्र मलिक, तरुण देवीदास, राजकुमार कटारिया, दिव्यांक जैन, सुरेंद्र मदान, संजय ठेकेदार, नीरज सोनी, गौरव भोला सहित कई बड़े नेता भी बाइक रैली का हिस्सा बने ।
भाजपा की बाइक रैली शहर के अग्रसेन चौक से शुरू हुई। यह रैली मुरथल अड्डा, बस अड्डा, गीता भवन चौक, पुरखास अड्डा, अंडर ब्रिज हनुमान चौक, ककरोई रोड, फ्लाईओवर, मिशन चौक,काठ मंडी, विश्वकर्मा चौक, खाटू श्याम मंदिर, परशुराम चौक, ओल्ड डीसी रोड, सुभाष चौक, रेलवे रोड, झंडी रोड, सिक्का कॉलोनी व विवेकानंद चौक से गुजरी। ढोल नगाड़ों के साथ जैसे ही बाइक रैली शुरू हुआ स्थानीय दुकानदारों ने भी फूल बरसाकर और मालाएं पहनाकर इसमें शामिल नेताओं व कार्यकर्ता का जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा के मेयर प्रत्याशी प्रत्याशी राजीव जैन ने कहा कि सोनीपत की जनता पर मुझे पूरा भरोसा है। बाइक रैली में उमड़े जनसमूह को देखकर उन्होंने कहा कि सोनीपत नगर निगम चुनाव में भाजपा के सभी प्रत्याशी इस बार जीत के सारे रिकॉर्ड तोड़ेंगे और सोनीपत में एक बार फिर से कमल खिलेगा । उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार तीन गुणा तेज गति से काम करेगी। प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनते ही सोनीपत नगर निगम क्षेत्र का तेजी से विकास होगा। राजीव जैन ने कहा कि वे पिछले 40 सालों से लोगों के सुख-दुख में हमेशा उनके साथ खड़े रहे हैं । उन्होंने लोगों से 10 मई को कमल का बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशियों को जीत दिलाने की अपील की और कहा कि उनके एक बार फिर से मेयर बनते ही सोनीपत का विकास जनता के सहयोग से और जन आकांक्षाओं के अनुरूप किया जाएगा। वह दिन दूर नहीं होगा जब स्वच्छता और सुंदरता के मामले हमारा सोनीपत सबसे आगे होगा । उन्होंने बाइक रैली में उत्साहपूर्वक हिस्सा लेने पर शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया ।
बाइक रैली के संयोजक व गन्नौर के विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि प्रदेश की जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की नीतियों पर पूरा भरोसा है। लोगों ने 2047 तक भारत को विकसित बनाने के प्रधानमंत्री मोदी के विजन को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि उनकी मेहनत व जनता के समर्थन से सोनीपत नगर निगम चुनाव में भाजपा की एकतरफा जीत होगी। भाजपा के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन व सभी 22 वार्डों से पार्टी के प्रत्याशी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे। यहां से कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलेगा । उन्होंने कहा कि प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनते ही सोनीपत शहर का विकास स्मार्ट सिटी की तर्ज पर होगा।
