हरियाणा के नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र से सचखंड श्री हजूर साहिब के लिए तीर्थ यात्रियों की विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन गुरु संगत के लिए बेहद खुशी का है और सैकड़ों श्रद्धालु इस ट्रेन के माध्यम से दर्शन के लिए रवाना हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र और नांदेड़ साहिब को जोड़ने वाली यह ट्रेन भारत की आध्यात्मिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने सिख इतिहास के महान योद्धा जस्सा सिंह रामगढ़िया के जन्म दिवस पर उन्हें नमन भी किया।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में श्री गुरु तेग बहादुर जी को समर्पित सिक्के, डाक टिकट और कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया था।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे गुरु साहब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लें। उन्होंने जानकारी दी कि इससे पहले 28 मार्च को अयोध्या धाम के लिए भी विशेष ट्रेन चलाई गई थी। इस बार 9 जिलों से 800 से अधिक श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि 15 मई को सिरसा से भी सचखंड श्री हजूर साहिब के लिए एक और विशेष ट्रेन रवाना की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से हरियाणा की खुशहाली, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना करने का आग्रह किया।
