पंजाब विधानसभा के आज के विशेष सत्र में सीएम भगवंत मान ने मजदूरों के लिए एक बड़ा ऐलान किया है। सीएम मान ने पंजाब में मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी में 15% वृद्धि करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों ने मजदूरों के बारे में नहीं सोचा। आज 13 साल बाद किसी ने मजदूरों की आवाज सुनी और उनकी मजदूरी में ये इजाफा किया। सीएम मान ने कहा कि आज मजदूर दिवस के अवसर पर मजदूरों के लिए सरकार की तरफ से ये एक छोटा सा तोहफा है।
मृतक मजदूरों को श्रद्धांजलि अर्पित की
सीएम मान ने कहा कि आज मजदूरों का दिन है, इसलिए काम के दौरान जान गंवाने वाले मजदूरों को पंजाब सरकार श्रद्धांजलि अर्पित करती है और उन्हें नमन करती है. वहीं कांग्रेस के वॉकआउट करने पर सीएम मान ने कहा कि कांग्रेस का हमेशा मजदूरों के प्रति विरोध रहा है। सीएम मान ने कहा कि हम मजदूरों को उनकी किस्मत पर नहीं छोड़ सकते। उनकी किस्मत बदलना हमारी ज़िम्मेदारी है. हमारे बच्चे विदेश जाकर मजदूरी करते हैं. किसी ने उनके बारे में नहीं सोचा। मजदूरों के बच्चों को भी अच्छी शिक्षा मिलनी चाहिए।
