रुद्रपुर। उत्तराखंड साइकिलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष विमल चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि खेलों को बढ़ावा देने और महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से “खेलो इंडिया महिला राष्ट्रीय लीग” का आयोजन 2 एवं 3 मई 2026 को रुद्रपुर स्थित मनोज सरकार स्टेडियम, शिवालिक वेलोड्रोम में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 120 से 150 महिला खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगी। विभिन्न राज्यों से आने वाली प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन करेंगी, जिससे न केवल खेल भावना को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा प्राप्त होगी।
श्री चौधरी ने कहा कि इस लीग का मुख्य उद्देश्य महिला खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचान दिलाना और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
उन्होंने आगे बताया कि आयोजन के दौरान खिलाड़ियों की सुविधा, सुरक्षा तथा दर्शकों के लिए भी बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने क्षेत्र के खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस आयोजन को सफल बनाएं।
