शिमला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 27 अप्रैल से शिमला पर दौर पर आ रही हैं, वह कल्याणी हेलीपैड पर उतरने के बाद सीधे छराबड़ा स्थित राष्ट्रपति निवास जाएंगी। राष्ट्रपति निवास सज गया है। अगर किसी कारणवश राष्ट्रपति कल्याणी हेलीपैड पर न उतरीं तो अनाडेल से चौड़ा मैदान, रिज मैदान से होते हुए रामचंद्रा चौक से संजौली होते हुए छराबड़ा स्थित राष्ट्रपति निवास पहुंचेंगी। काफिले के गुजरने के दौरान लगभग 45 मिनट तक ट्रैफिक को रोका जाएगा।
1000 से अधिकारी पुलिसकर्मी तैनात
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 27 अप्रैल से दो मई तक प्रस्तावित हिमाचल दौरे के लिए शिमला पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। शहर में हाई अलर्ट के बीच 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। केंद्रीय और राज्य एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा के बहुस्तरीय प्रबंध किए गए हैं।
विशेष टीमें तैनात
पुलिस के अनुसार संवेदनशील स्थलों पर एंटी-सैबोटाज जांच, प्रवेश नियंत्रण, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और रूट सुरक्षा को मजबूत किया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष टीमें भी तैयार रखी हैं।
मॉकड्रिल के दौरान रोका ट्रैफिक
रविवार को अभ्यास के लिए पुलिस ने दिन में 11 बजे संजौली बाजार में ट्रैफिक रोका व राष्ट्रपति के काफिले को लेकर माकड्रिल की। इस दौरान संजौली से ढली जाने वाली गाड़ियों को कुछ देर के लिए रोका गया।
स्थायी ट्रैफिक प्रतिबंध लागू नहीं
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में कोई स्थायी ट्रैफिक प्रतिबंध लागू नहीं किया है। आम नागरिक, पर्यटक और दैनिक यात्री सामान्य रूप से आवाजाही कर सकेंगे। हालांकि वीवीआइपी मूवमेंट के दौरान कुछ समय के लिए चुनिंदा मार्गों पर यातायात को रोका या डायवर्ट किया जा सकता है। भारी वाहनों के लिए भी अस्थायी डायवर्जन लागू हो सकते हैं।
ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील
पुलिस ने लोगों से यात्रा योजना बनाकर करने और ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग से बचने को कहा है। एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी।
होटल और गेस्ट हाउस संचालकों को आगंतुकों का रिकार्ड रखने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए हैं। किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन अनिवार्य किया गया है।
संदिग्ध वस्तु दिखे तो तुरंत दें सूचना
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर कोई भी सामान लावारिस न छोड़ें। किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। मार्गों के किनारे स्थित दुकानदारों और विक्रेताओं को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और सुरक्षा जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।
