शिमला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 27 अप्रैल से 2 मई तक प्रस्तावित दौरे को सुचारू व सुरक्षित संचालन को लेकर मुख्य सचिव संजय गुप्ता की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में दौरे की तैयारियों की समीक्षा की गई। राष्ट्रपति का हिमाचल प्रवास एक सप्ताह तक का है। बैठक में बीते सप्ताह आयोजित समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों की स्थिति एवं उन पर की गई कार्यवाही की विस्तृत समीक्षा की गई।
दौरे के सुचारु एवं सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य एजेंडा के बिंदुओं में व्यापक सुरक्षा प्रबंध, सुरक्षा पास से संबंधित पहलुओं, यातायात प्रबंधन, प्रेस कवरेज के समन्वय और दौरे से जुड़े अन्य विषय शामिल रहे। राष्ट्रपति के प्रस्तावित कांगड़ा, शिमला और लाहुल एवं स्पीति जिलों के दौरों की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
विभाग व एजेंसियों को समन्वय का दिया निर्देश
मुख्य सचिव ने सभी विभागों एवं एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन तथा सभी व्यवस्थाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर बल दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुचारु, सुरक्षित और सुव्यवस्थित दौरे के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
कल्याणी हैलीपेड उतरेगी, अनाडेल रिजर्व
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राष्ट्रपति सेना के हेलीकाप्टर से शिमला पहुंचेंगी। छराबड़ा स्थित कल्याणी हैलीपैड पर उतरेगी। यहां से सीधे राष्ट्रपति निवास जाएगी। अनाडेल हैलीपैड को भी रिजर्व रखा गया है। एक कारगेट यहां पर भी तैनात रखा जाएगा।
1500 जवान शिमला में संभालेंगे सुरक्षा का जिम्मा
शिमला में लगभग 1500 जवान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए तैनात किए जाएंगे। शिमला, पालमपुर और लाहुल स्पीति सहित सभी संभावित कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा और प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक में की गई।
आज से होगी रिर्हसल, ब्लड ग्रुप, स्पेशल वार्ड रिजर्व
राष्ट्रपति के काफिले में 40 गाड़ियां शामिल रहेंगी, और तीन स्थानों पर अलग-अलग काफिला तैनात किया जाएगा। आज से इसकी रिर्हसल शुरू होगी। सामान्य प्रशासन विभाग ने गाड़ियों की व्यवस्था कर दी है। इसमें बुलेट प्रूफ गाड़ियों को अन्य राज्यों से मंगवाया जाएगा। आइजीएमसी शिमला में दो वीवीआइपी स्पेशल वार्ड रिजर्व कर दिए गए हैं। राष्ट्रपति का ब्लड ग्रुप भी रिजर्व रखा गया है।
यह रहे मौजूद
बैठक में पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, सचिव (सामान्य प्रशासन) आशीष सिंहमार, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप तथा पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह सहित राज्य पुलिस एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा सेना के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कांगड़ा, कुल्लू और लाहुल एवं स्पीति जिलों के उपायुक्तों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में भाग लिया।
