हरियाणा में 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं समाप्त हो चुकी हैं और अब छात्र-छात्राएं रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से जुड़ा एक अहम मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, 12वीं की परीक्षा खत्म होने के बाद भी करीब 500 विद्यार्थियों ने सरकार द्वारा दिए गए टैबलेट वापस नहीं किए हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने कड़ी चेतावनी जारी की है। विभाग ने साफ किया है कि टैबलेट जमा न करने वाले छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
जरूरत पड़ने पर बोर्ड को सिफारिश भेजकर ऐसे विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम भी रोका जा सकता है।
बताया जा रहा है कि फरीदाबाद जिले में ही करीब 100 छात्रों ने अभी तक टैबलेट जमा नहीं किए हैं। सरकार की योजना के तहत पिछले सत्र में हजारों छात्रों को पढ़ाई के लिए ये टैबलेट दिए गए थे, जिन्हें परीक्षा समाप्त होने के बाद स्कूल में वापस करना अनिवार्य है।
फिलहाल शिक्षा विभाग टैबलेट वापस न करने वाले छात्रों की सूची तैयार कर रहा है और आगे की कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है।
