चंडीगढ़। हरियाणा में पीएम गतिशक्ति पहल के तहत बुनियादी ढांचा विकास को गति देने के लिए 42 प्रमुख परियोजनाओं की मैपिंग कर ली गई है। इसके अलावा 40 अन्य परियोजनाएं पाइप लाइन में हैं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित बैठक में ग्रीनफील्ड औद्योगिक पार्कों की योजना की भी समीक्षा की गई।
नारायणगढ़, रेवाड़ी, अंबाला, फरीदाबाद, जींद और सोनीपत में प्रस्तावित परियोजनाओं से निवेश बढ़ने, रोजगार सृजन और क्षेत्रीय औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मुख्य सचिव ने कहा कि पीएम गतिशक्ति के प्रभावी क्रियान्वयन से न केवल बुनियादी ढांचा विकास को गति मिलेगी, बल्कि यह निवेश को आकर्षित करने, रोजगार सृजन और हरियाणा को लाजिस्टिक्स व औद्योगिक विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने में भी सहायक होगा।
2400 से अधिक डेटा लेयर एकीकृत
पीएम गति शक्ति एक जीआईएस आधारित प्लेटफॉर्म है, जिसमें 2400 से अधिक डेटा लेयर एकीकृत हैं। यह प्लेटफार्म विभागों को रियल-टाइम जानकारी उपलब्ध कराते हुए वैज्ञानिक और डेटा-आधारित निर्णय लेने में सहायता करता है। यह प्लेटफार्म बुनियादी ढांचे की कमी की पहचान और बेहतर रूट प्लानिंग में सहायता करता है, जिससे परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आती है।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि 42 मैप की गई परियोजनाएं 11 विभागों से संबंधित हैं। इनमें लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क), सिंचाई, शहरी स्थानीय निकाय, ऊर्जा और एचएसआइआइडीसी शामिल हैं।
इसके अलावा विभिन्न विभागों की 40 अन्य परियोजनाओं को भी चरणबद्ध तरीके से प्लेटफार्म में शामिल किया जाएगा। फर्रुखनगर की 12.11 किलोमीटर लंबी ग्रीन फील्ड रिंग रोड परियोजना की योजना भी इसी प्लेटफार्म के माध्यम से तैयार की गई है।
