फरीदकोट। पिछले सप्ताह फतेहगढ़ साहिब में आम आदमी पार्टी की रैली में जिले के गांव हरिएवाला से गई कार्यकर्ताओं की बस में सवार लोगों के लिए लंगर बना कर लेकर जाने वाली गांव निवासी लखवीर कौर को मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा स्वयं फोन करके धन्यवाद किया गया। इस दौरान उन्होंने जहां उनसे आशीर्वाद लिया वहीं वायदा किया कि उनका गांव ऐसा बनाएंगे कि लोग फोटो खिंचवाने के लिए आया करेंगे।
इस फोन के आने से उनके सहित गांव तथा क्षेत्रवासियों की खुशी का ठिकाना नहीं है। उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह आम आदमी पार्टी की फतेहगढ़ साहिब में रैली थी। जिसमें कार्यकर्ताओं को लेकर जाने के लिए जिले के गांव हरिएवाला के सरपंच चमकौर सिंह द्वारा बस करवाई गई थी। लेकिन सुबह जल्दी जाना था और शाम को आने में लेट होता तो इसलिए उन्होंने अपनी माता लखवीर कौर से बात की।
जिस पर लखवीर कौर ने कहा कि उसे चिंता करने की जरूरत नहीं है सुबह सबके लिए लंगर तैयार मिलेगा। सरपंच चमकौर सिंह के अनुसार सुबह जब वे सोकर उठे तो उनकी माता लंगर तैयार करवा चुकी थी। जिसके चलते उन्हें खुशी हुई और उन्होंने उसकी एक वीडियाे ली।
इस वीडियाे को रैली में जाते समय उन्होंने अपने दोस्तों को दिखाई तो किसी ने उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। जो मुख्यमंत्री भगवंत मान तक पहुंच गई। जिसके पश्चात मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फोन करके माता लखवीर कौर का धन्यवाद किया और उनसे आशीर्वाद लिया।
जानें क्या बोले सीएम मान
इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा फोन करके पहले धन्यवाद किया गया और फिर कहा गया कि वे स्वयं गांव आकर उनका आशीर्वाद लेकर जाएंगे। इस दौरान जब माता लखवीर कौर ने बताया कि वे पार्टी की शुरूआत से जुड़े हुए हैं और उन्होंने सरकार के कार्याें की तारीफ की तो सीएम मान ने कहा कि पंजाब में नौकरियां देंगे, गरीबी निकालेंगे, सब कुछ करेंगे बस आशीर्वाद चाहिए।
जिस पर माता लखवीर कौर ने नशे के खिलाफ छेड़े गए युद्ध की सराहना करते हुए कहा कि वे बच्चों को इस दलदल से निकालें तो माएं आशीर्वाद देंगे। साथ ही उन्होंने सीएम मान से कहा कि वे 20-30 साल इसी तरह मुख्यमंत्री के तौर पर काम करें और परमात्मा उन्हें बल बख्शे।
उपरांत मुख्यमंत्री ने जहां चंडीगढ़ जाकर लखवीर कौर को उनकी माता से मिलने के लिए कहा वहीं कहा कि वे उनके गांव हरिएवाला को ऐसा बनाएंगे कि लोग यहां फोटो खिंचवाने के लिए आया करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि वे उनकी टीम से बात करके उन्हें बता दें कि गांव में क्या-क्या चाहिए, सब कुछ मिलेगा।
पार्टी वर्करों को मिला हौंसला
इस संबंध में जहां माता लखवीर कौर ने खुशी व्यक्त की वहीं उनके पुत्र सरपंच चमकौर सिंह ने कहा कि फोन आने से पता चला कि एक मुख्मयंत्री जमीनी स्तर पर किस तरह जुड़ा हुआ है। उनका कार्यकर्ताओं से प्यार यहां दिखाई देता है। कार्यकर्ता पूरा जोर लगाता है पार्टी को मजबूत करने के लिए।
इसलिए जब उन्हें ऐसा हौंसला मिलता है तो वह पार्टी के लिए और काम करता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पहले कभी ऐसा नहीं हुआ कि किसी आम व्यक्ति को इस तरह मुख्यमंत्री ने फोन किया हो।
