पंचकूला। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निर्देश दिए है कि आइटीआइ पास प्रशिक्षुओं के शिक्षुता और प्लेसमेंट डाटा को एकत्रित कर पोर्टल बनाया जाए। साथ ही आइटीआइ से पास आउट हुए प्रशिक्षुओं का डेटा राज्य के उद्योग संस्थानों को उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल पोर्टल का निर्माण किया जाए। हर जिले में रोजगार के लिए बड़े मेले लगाए जाएं। बकायदा इसके लिए विभाग कलेंडर भी जारी करे, ताकि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिल सके।
मुख्यमंत्री बुधवार को हरियाणा निवास में युवा सशक्तीकरण एवं उद्यमिता विभाग की गतिविधियों के संबंध में समीक्षा बैठक ले रहे थे। बैठक में विभाग के राज्य मंत्री गौरव गौतम भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विजन है कि स्टूडेंट्स में पढ़ाई के साथ साथ हाथ का हुनर भी बढ़े।
मुख्यमंत्री ने आइटीआइ में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी को लेकर भी जानकारी ली। जिन संस्थानों में मशीनरी खराब है या पुरानी तकनीक की है उन्हें अपग्रेड करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आइटीआइ की बिल्डिंग, चारदीवारी और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में निजी आइटीआइ के कामकाज की समीक्षा हुई। कुछ जगहों पर निजी आइटीआइ में अनियिमितताएं मिली हैं, जिस पर मुख्यमंत्री ने सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। राज्य मंत्री गौरव गौतम ने आइटीआइ संस्थानों में खेल गतिविधियों के लिए कलेंडर जारी करने व प्रशिक्षणार्थियों का उद्योगों में शैक्षणिक टूर करवाने के निर्देश भी दिए गए।
