शिमला। हिमाचल प्रदेश का अगला बजट पेश होने में केवल पांच दिन शेष हैं, जबकि सरकारी विभागों से अनुपूरक बजट की फाइलें वित्त विभाग में लगातार पहुंच रही हैं। इन फाइलों में 50 लाख से लेकर 5-10 करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट की मांग की जा रही है।
सचिवालय में वित्त विभाग के पास फाइलें बाद में पहुंचती हैं, जबकि विभागों के अधिकारी पहले ही पहुंच जाते हैं। वित्त विभाग ने दिसंबर, 2025 में सभी विभागाध्यक्षों को पत्र जारी किया था कि जिन विभागों को अतिरिक्त धनराशि की आवश्यकता है, वे 15 जनवरी तक अपनी मांग भेजें। इसके बाद किसी भी विभाग की अनुपूरक बजट की मांग स्वीकार नहीं की जाएंगी।
फिर भी, आज तक अनुपूरक बजट की मांग से जुड़ी फाइलें वित्त विभाग को भेजी जा रही हैं। पूर्व वित्त सचिव अक्षय सूद का कहना है कि वित्तीय अनुशासन की कमी के कारण अनुपूरक बजट की धनराशि दस हजार करोड़ तक पहुंचती है।
