मंडी। मंडी शहर के कांगणी क्षेत्र में 152 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक न्यायिक परिसर की आधारशिला रविवार को रखी जाएगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत सुबह 10:30 बजे करेंगे। शिलान्यास समारोह को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
आठ ब्लाक बनेंगे
करीब 120 बीघा भूमि पर प्रस्तावित इस आधुनिक न्यायिक परिसर के निर्माण पर लगभग 152 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परिसर में दो से चार मंजिला आठ अलग-अलग ब्लाक बनेंगे। इनमें अत्याधुनिक अदालत कक्ष, वकीलों के लिए कार्यालय, रिकार्ड रूम और प्रशासनिक कार्यालय की सुविधा उपलब्ध होगी।
आधुनिक सभागार सहित पार्किंग सुविधा मिलेगी
इसके अलावा परिसर में आधुनिक सभागार (आडिटोरियम), कैंटीन और डिजिटल तकनीक से लैस रिकार्ड रूम भी तैयार किया जाएगा, ताकि न्यायिक दस्तावेजों का सुरक्षित और व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जा सके। परिसर में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था भी होगी, जहां एक साथ सैकड़ों वाहन खड़े किए जा सकेंगे।
नए न्यायिक परिसर के निर्माण से न केवल वकीलों और न्यायिक अधिकारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, बल्कि वादियों और आम लोगों को भी न्यायिक सेवाएं एक ही परिसर में सुलभ हो सकेंगी। वर्तमान में जिला एवं सत्र न्यायालय का कामकाज शहर के मध्य स्थित पुराने परिसर से संचालित हो रहा है, जहां स्थान की कमी के कारण कई प्रकार की दिक्कतें सामने आती हैं।
शिलान्यास समारोह के बाद संस्कृति सदन कांगणी में विधिक साक्षरता शिविर का भी आयोजन होगा। इसमें नागरिकों को मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सीएम भी पहुंचेंगे कार्यक्रम में
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू, हाई कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति विवेक सिंह ठाकुर, न्यायमूर्ति अनूप चितकारा, न्यायमूर्ति संदीप शर्मा सहित कई न्यायाधीश और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे।
आपदा प्रभावितों को राहत सामग्री वितरित होगी
कार्यक्रम के समापन अवसर पर आपदा प्रभावितों को राहत सामग्री भी वितरित की जाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से शहर में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कांगणी हेलीपोर्ट से शिलान्यास स्थल व होटल तक काफिले का तीन से चार बार ट्रायल किया गया।
