हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में थर्ड फ्रंट के सवाल पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि पार्टी बनाने का सबको लोकतांत्रिक अधिकार है, जो व्यक्ति जाना चाहता है वह जा सकता है, किसी को रोक नहीं सकते। लेकिन प्रदेश में कांग्रेस सरकार 2 वर्ष का अपना कार्यकाल पूरा करेगी।
जयराम एमआरआई मशीन तक उपलब्ध नहीं करवा पाए
मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के रोबोटिक सर्जरी पर दिए बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि रोबोटिक सर्जरी एम्स की तर्ज पर हिमाचल में उपलब्ध करवाई गई है। लेकिन नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर मुख्यमंत्री रहते हुए नेरचौक मेडिकल कॉलेज में एक एमआरआई मशीन तक स्थापित नहीं कर पाए थे।
एलपीजी की नहीं किल्लत
उन्होंने कहा कि भाजपा व पूर्व मुख्यमंत्री हिमाचल के विकास को लेकर पूरी तरह से कुंठा ग्रस्त हो चुके हैं। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में फिलहाल मौजूदा समय में एलपीजी गैस की कोई किल्लत नहीं है। उन्होंने कहा कि गैस की किल्लत होने पर सरकार हर संभव कदम उठाएगी।
स्मार्ट क्लासेज, डिजिटल लाइब्रेरी का शिलान्यास किया
मुख्यमंत्री ने नादौन डिग्री कॉलेज में देरी से पहुंचने पर छात्रों द्वारा इंतजार करने पर आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा में आधुनिक और गुणवत्ता को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है जिसके तहत आज नादौन डिग्री कॉलेज में स्मार्ट क्लासेज, डिजिटल लाइब्रेरी व बहुउद्देशीय भवन का शिलान्यास किया है।
मेडिकल कॉलेज में जून में शुरू होंगी कक्षाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि जून माह से मेडिकल कॉलेज में कक्षाएं शुरू की जाएगी। हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में मल्टी सुपर स्पेशलिटी सुविधा उपलब्ध करवाई। इसके साथ ही डेंटल कॉलेज की कवायद शुरू की जायेगी।
दो दिवसीय नादौन दौरे पर सीएम
मुख्यमंत्री सुक्खू हमीरपुर जिला के नादौन क्षेत्र में दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे है। इस दौरान मुख्यमंत्री का कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा और जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा अमतर क्रिकेट स्टेडियम में भव्य स्वागत किया गया।
