चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा सोमवार को विधानसभा में पेश किए जाने वाले साल 2026-27 के बजट में जनता के सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्री-बजट बैठकों में खुद इसके संकेत दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों के साथ 13 बजट बैठकें की हैं, जिनमें 2199 सुझाव मिले हैं। इसके अलावा पहली बार एआइ चैट बाट के माध्यम से 12 हजार 400 सुझाव सरकार को मिले हैं। इस बार आमजन से मिले चार से पांच हजार सुझावों को बजट में शामिल करने की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की योजना है।
मुख्यमंत्री ने इसे जनता के सुझावों से तैयार होने वाला जनता का बजट बताया है, जिसमें हर वर्ग के कल्याण की भावना समाहित होगी। इस बजट में शहरी विकास पर पूरा फोकस रहेगा। राज्य में अप्रैल माह के दौरान निगम चुनाव होने हैं। ऐसे में पिछले साल के 5666 करोड़ के मुकाबले इस साल 20 से 30 प्रतिशत तक की बजट बढ़ोतरी हो सकती है।
बजट में आमजन के सुझावों को पूरी जगह
एटीएस के गठन के लिए बजट में गृह विभाग का बजट बढ़ाया जा सकता है। पिछले साल 2025-26 के वार्षिक बजट में भी वित्त मंत्री के नाते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आमजन और विभिन्न वर्गों के सुझावों को पूरी जगह दी थी।
तब मुख्यमंत्री को 11 बैठकों में कुल 1592 सुझाव मिले थे, जिनमें से 706 सुझाव बजट में शामिल किए गए थे। उन सुझावों के आधार पर 248 घोषणाए की गईं, जिनमें 77 घोषणाएं पूरी हो चुकी हैं। 165 घोषणाओं पर कार्य अंतिम चरण में है, जो कि इस साल के अंत तक पूरी हो जाने की संभावना है।
बजट दो लाख 25 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचने की पूरी संभावना
हरियाणा का वार्षिक बजट साल 2024 में एक लाख 89 हजार 876.61 करोड़ रुपये का था, जबकि 2025 में नायब सिंह सैनी ने इसे बढ़ाकर दो लाख पांच हजार 17 लाख करोड़ रुपये का कर दिया था। करीब 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ यह बजट दो लाख 25 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचने की पूरी संभावना है।
नायब सैनी सरकार ने अपने पहले बजट में जहां लाडो लक्ष्मी योजना का ऐलान किया था, वहीं दूसरे बजट में इस योजना का दायरा बढ़ाया जा सकता है। प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को नौ हजार रुपये मासिक भत्ते का संशोधित ऐलान किए जाने की उम्मीद है।
सरकार का फोकस पुरानी बसों को बदलकर नई बसें सडक़ों पर उतारने तथा बिजली आपूर्ति ढांचे को मजबूत करने पर है। पिछले साल कृषि सेक्टर को 1254 करोड़ रुपए मिले थे। खेती-किसानी प्रदेश में हमेशा एक बड़ा मुद्दा रहता है, इसलिए इस क्षेत्र में लगभग 1500 करोड़ रुपये का बजट होने की उम्मीद है।
हरियाणा की अर्थव्यवस्था
- 2024-25 में हरियाणा की जीडीपी – 12 लाख 13 हजार 951 करोड़
- 2025-26 में अनुमानित जीडीपी – 13 लाख 67 हजार 769 करोड़
- (जीडीपी में 12.67 प्रतिशत की बढ़ोतरी संभव)
- 2024-25 में प्रति व्यक्ति आय – 3 लाख 58 हजार 171 रुपये
- 2021-15 में प्रति व्यक्ति आय – 1 लाख 47 हजार 382 रुपये
- (10 साल में ढ़ाई गुना बढ़ोतरी)
